न्यू मार्केट में भीषण आग, कई दुकानें चपेट में, 10 करोड़ का सामान जलने का दावा

 भोपाल. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के सबसे चर्चित न्यू मार्केट इलाके में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। बाजार के बीचों-बीच आग भड़कने के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।

आग लगने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। कई दुकान संचालक भी अपने प्रतिष्ठानों की स्थिति जानने के लिए न्यू मार्केट पहुंच गए। आग की लपटें तेज होने के कारण आसपास के दुकानदारों में भी चिंता का माहौल रहा।

पंजाबी छोले भटूरे की दुकान से भड़की आग

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग न्यू मार्केट स्थित पंजाबी छोले भटूरे की दुकान में लगी। देखते ही देखते आग आसपास की कई दुकानों तक पहुंच गई। बाजार में दुकानें एक-दूसरे के काफी करीब होने के कारण आग फैलने का खतरा बढ़ गया।

दमकल की टीमें लगातार पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित करने में जुटी रहीं। प्रशासन की ओर से भी मौके पर स्थिति पर नजर रखी गई।

10 करोड़ के सामान के नुकसान का दावा

आग की भयावहता को देखते हुए दुकानों में रखा बड़ी मात्रा में सामान जलकर खाक होने की बात सामने आई है। प्रारंभिक तौर पर करीब 10 करोड़ रुपए के सामान के नुकसान का दावा किया जा रहा है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आंकड़ा आग पूरी तरह बुझने और दुकानों के निरीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

जनहानि की खबर नहीं, राहत की बात

इस बड़े अग्निकांड के बीच राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल कर्मी आग को पूरी तरह बुझाने और आसपास की दुकानों को सुरक्षित रखने में जुटे हुए हैं। आग लगने के वास्तविक कारण का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *