भाजपा कोर कमेटी की बैठक में 66 सीटों पर मंथन, कम अंतर वाली सीटों को लेकर भी बनी रणनीति

 भोपाल : भाजपा की कोर कमेटी की करीब तीन घंटे चली बैठक समाप्त हो गई। बैठक में संगठन की स्थिति, सरकार और संगठन के बीच तालमेल, आगामी चुनावों की तैयारियों और पार्टी के सामने आने वाली चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बैठक के बाद बताया कि यह कोर कमेटी की दूसरी बैठक थी, जिसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

आगामी चुनावों को लेकर 66 विधानसभा सीटों पर खास नजर

बैठक में उन 66 विधानसभा सीटों पर विशेष चर्चा हुई, जहां पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को जीत नहीं मिली थी। पार्टी इन क्षेत्रों में संगठन की जमीनी स्थिति का आकलन करेगी और बूथ से लेकर मंडल तथा विधानसभा स्तर तक गतिविधियों को मजबूत करने पर काम करेगी।इन सीटों पर संगठन को सक्रिय करने के लिए वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी देने के विकल्प पर भी चर्चा हुई। पार्टी का फोकस ऐसे क्षेत्रों में संगठन की मौजूदगी और स्थानीय स्तर पर गतिविधियों को बढ़ाने पर रहेगा।

5 हजार से कम वोटों से जीती सीटों की भी होगी समीक्षा

भाजपा ने उन विधानसभा क्षेत्रों को भी चर्चा के दायरे में रखा, जहां पिछले चुनाव में जीत का अंतर 5 हजार या उससे कम वोट रहा था। इन सीटों पर संगठन की स्थिति और चुनावी प्रदर्शन की समीक्षा कर आगे की रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया।बैठक में आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों की तैयारियों पर भी विचार-विमर्श हुआ। नेताओं ने जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियां बढ़ाने और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय बनाने से जुड़े सुझाव रखे।

सरकार और संगठन के बीच तालमेल पर भी हुई चर्चा

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के मुताबिक, बैठक में पार्टी के कामकाज और संगठन की आगामी दिशा को लेकर नेताओं ने अपने विचार साझा किए। आने वाले समय की चुनौतियों से निपटने के लिए सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम करने पर भी जोर दिया गया।उन्होंने कहा कि संगठन से जुड़े कुछ ऐसे विषय हैं, जिन पर सभी नेताओं को मिलकर काम करने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री समेत कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

भाजपा कोर कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री मोहन यादव के अलावा प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देव, सह प्रभारी रेखा वर्मा, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी, कैलाश विजयवर्गीय, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रहलाद पटेल समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी ने हाल ही में मध्य प्रदेश में यह जिम्मेदारी संभाली है। इससे पहले वह तेलंगाना में संगठन से जुड़ी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।

बैठक से पहले दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी को किया नमन

कोर कमेटी की बैठक में शामिल होने से पहले प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देव भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।इस दौरान कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल समेत अन्य नेता भी मौजूद रहे। माल्यार्पण के बाद बिप्लब कुमार देव पार्टी नेताओं के साथ कोर कमेटी की बैठक में शामिल हुए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *