मनेन्द्रगढ़। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों वाहनों से कुल 9 क्विंटल 19 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 59 लाख 50 हजार रुपए है। कार्रवाई के दौरान छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस के अनुसार नागपुर चौकी और पोड़ी थाना की टीम ने NH-43 पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की थी। इसी दौरान दो पिकअप वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। जांच में वाहनों के भीतर गांजा छिपाकर ले जाने का खुलासा हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल दोनों पिकअप वाहन भी जब्त कर लिए। जब्त किए गए कुल सामान की कीमत करीब 4.69 करोड़ रुपए बताई गई है।
ओडिशा से मध्य प्रदेश भेजी जा रही थी खेप
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि गांजे की यह खेप ओडिशा से मध्य प्रदेश ले जाई जा रही थी। पुलिस अब इस पूरे मामले की कड़ी दर कड़ी जांच कर रही है। जांच का फोकस गांजा उपलब्ध कराने वाले स्रोत, परिवहन व्यवस्था और संभावित खरीदारों तक पहुंचने पर है।पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
ओडिशा और मध्य प्रदेश के छह लोग पकड़े गए
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में ओडिशा के सुंदरगढ़ निवासी अनिल टोप्पो, राजित इंद्रवार, विनय टेटे और अरुप मिर्धा शामिल हैं। इनके अलावा कटनी, मध्य प्रदेश निवासी अलबिरनी और सुनीता को भी गिरफ्तार किया गया है।सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई के साथ आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और नेटवर्क से जुड़े संभावित संपर्कों की भी जांच कर रही है।
IG और SP के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा और MCB पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के निर्देशन में की गई। नागपुर चौकी प्रभारी शेषनारायण सिंह, एएसआई रामकृपाल सिंह समेत पुलिस टीम की कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सप्लाई से लेकर डिलीवरी तक नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
भारी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि खेप कहां से रवाना हुई थी और इसे मध्य प्रदेश में किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। जांच के जरिए सप्लायर, परिवहनकर्ता और संभावित खरीदारों के बीच संपर्क की पूरी कड़ी सामने लाने की कोशिश की जा रही है।जिला पुलिस ने कहा है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



















