कपड़ों के गट्ठों के नीचे छिपा रखा था करोड़ों का गांजा, बॉर्डर से पहले पुलिस ने दबोचे 6 तस्कर

 छत्तीसगढ़ :  मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में पुलिस ने नशे की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों से भारी मात्रा में गांजा जब्त किया है। दोनों वाहनों से कुल 9 क्विंटल 19 किलो गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 4 करोड़ 59 लाख रुपए बताई गई है। तस्कर गांजे को ओडिशा से मध्यप्रदेश के कटनी ले जा रहे थे और पुलिस से बचने के लिए इसे कपड़ों के गट्ठों के नीचे छिपाया गया था।

चेकिंग के दौरान खुला करोड़ों की तस्करी का राज

पूरा मामला नागपुर चौकी क्षेत्र का है। पुलिस रविवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे चौकी के सामने वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा नंबर की दो पिकअप गाड़ियां वहां पहुंचीं।पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी शुरू की। बाहर से दोनों गाड़ियों में कपड़ों के बड़े-बड़े गट्ठर दिखाई दे रहे थे। पुलिस को संदेह होने पर जब इन गट्ठरों को हटाकर नीचे जांच की गई तो प्लास्टिक के पैकेटों में गांजा भरा मिला।

200 से ज्यादा पैकेट में भरा था गांजा

तस्करों ने गांजे को बोरियों और प्लास्टिक के पैकेटों में भरकर कपड़ों के बीच इस तरह छिपाया था कि पहली नजर में किसी को शक न हो। पुलिस ने दोनों पिकअप से 200 से अधिक पैकेट बरामद किए।नागपुर चौकी प्रभारी शेष नारायण सिंह के मुताबिक, जब्त गांजे का कुल वजन 9 क्विंटल 19 किलो है। इसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 59 लाख रुपए बताई गई है।

दो महिलाओं समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। गिरफ्तार दोनों महिलाएं मध्यप्रदेश के कटनी की रहने वाली हैं, जबकि चारों पुरुष आरोपी ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के निवासी बताए गए हैं।पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजे की खेप ओडिशा से लेकर कटनी जानी थी।

जशपुर से लेकर नागपुर तक पार कर चुके थे कई थाना क्षेत्र

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ओडिशा से गांजा लोड करने के बाद जशपुर के रास्ते छत्तीसगढ़ में दाखिल हुए थे। इसके बाद वे नेशनल हाईवे 43 के जरिए आगे बढ़ते हुए कई थाना क्षेत्रों को पार कर चुके थे।आरोपियों ने सरगुजा जिले के 5 थाना क्षेत्रों, सूरजपुर के 3 थाना क्षेत्रों और कोरिया जिले के 3 थाना क्षेत्रों को पार किया। इसके बाद वे नागपुर तक पहुंच गए थे।

MP बॉर्डर से कुछ किलोमीटर पहले पकड़े गए

तस्करों की योजना गांजे की खेप को मध्यप्रदेश की सीमा पार कर कटनी पहुंचाने की थी। लेकिन बॉर्डर से कुछ किलोमीटर पहले ही नागपुर चौकी के सामने पुलिस की चेकिंग में दोनों वाहन पकड़े गए।पुलिस ने दोनों पिकअप को जब्त कर लिया है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के जरिए गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *