नकली तंबाकू का नेटवर्क पकड़ा, मालवाहक से 75 बोरा संदिग्ध माल जब्त

भानुप्रतापपुर। नकली शराब के मामले के बाद भानुप्रतापपुर पुलिस ने नकली तंबाकू की सप्लाई से जुड़े एक नेटवर्क का पता लगाया है। पुलिस ने जांच के दौरान एक छोटे मालवाहक वाहन से करीब 75 बोरा तंबाकू जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में इसे ‘ऊं सुरेश छाप’ ब्रांड के नाम और मार्का की नकल कर तैयार किया गया माल बताया जा रहा है।पुलिस ने मामले में नागपुर निवासी सचिन ठाकरे को कथित सप्लायर और दल्लीराजहरा निवासी ओम प्रकाश कुकरेजा को डीलर बताए जाने के आधार पर दोनों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नही हुई है।

वाहन जांच के दौरान खुला मामला

पुलिस को भानुप्रतापपुर और दल्लीराजहरा क्षेत्र में नकली तंबाकू खपाए जाने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर 18 सितंबर को वाहनों की जांच की जा रही थी। इस दौरान CG 08 BH 6398 नंबर का छोटा मालवाहक पुलिस के संदेह के घेरे में आया।वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की गई और उसमें रखे सामान से संबंधित दस्तावेज मांगे गए। दस्तावेज प्रस्तुत नही किए जाने पर वाहन को थाने लाकर उसकी विस्तृत जांच की गई।

ब्रांड की नकल वाले माल की आशंका

जांच में वाहन में बड़ी मात्रा में तंबाकू लदा मिला। पुलिस ने इसके निर्माता और ब्रांड से संबंधित जानकारी जुटाई। इस दौरान भिलाई स्थित ओम आशा पुरी ट्रेडर्स के संचालक नदीम शहबाज से भी पूछताछ की गई।जांच के दौरान पुलिस को क्षेत्र में संबंधित मार्का की नकल कर तैयार तंबाकू की सप्लाई किए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने वाहन समेत करीब 75 बोरा तंबाकू जब्त कर लिया।

नागपुर से दल्लीराजहरा तक सप्लाई की कड़ी

पुलिस के अनुसार पूछताछ और जांच में जब्त तंबाकू की सप्लाई नागपुर निवासी सचिन ठाकरे से जुड़े होने की जानकारी सामने आई। वहीं दल्लीराजहरा के ओम प्रकाश कुकरेजा को स्थानीय स्तर पर डीलर बताए जाने की बात पुलिस ने कही है।अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध तंबाकू की खेप कहां से तैयार होकर आ रही थी और भानुप्रतापपुर-दल्लीराजहरा के अलावा किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जा रही थी।

कॉपीराइट एक्ट और BNS में अपराध दर्ज

पुलिस ने सचिन ठाकरे और ओम प्रकाश कुकरेजा के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 तथा BNS की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर मामले में आगे और लोगों की भूमिका सामने आ सकती है।

नकली शराब के बाद तंबाकू मामले से बढ़ी चिंता

भानुप्रतापपुर पुलिस ने करीब 13 दिन पहले नकली शराब तैयार करने वाले एक नेटवर्क का भी खुलासा किया था। इसके बाद नकली तंबाकू की बड़ी खेप पकड़े जाने से क्षेत्र में नकली उत्पादों की सप्लाई को लेकर सवाल उठ रहे है। पुलिस अब दोनों मामलों की जांच के साथ यह भी पता लगा रही है कि नकली सामान की सप्लाई में कोई व्यापक नेटवर्क सक्रिय तो नही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *