Crime: 50 रुपये देने का झांसा देकर नाबालिगों को सुनसान जगह ले गया आरोपी, पुलिस ने 24 घंटे में किया गिरफ्तार

 बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के गुण्डरदेही थाना क्षेत्र में दो नाबालिगों के साथ दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने ललित ठाकुर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी ने दोनों नाबालिगों को 50 रुपये देने और घटना के बारे में किसी को नहीं बताने का लालच देकर अपने साथ ले गया। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद उसने सुनसान जगह पर दोनों के साथ दुष्कर्म किया।

परिजनों को बताई घटना, थाने में दर्ज हुई शिकायत

मामला 17 सितंबर 2026 का बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसकी नातिन और उसकी सहेली को आरोपी ललित ठाकुर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। आरोपी ने दोनों को 50 रुपये देने की बात कही थी और किसी को जानकारी नहीं देने के लिए भी कहा था।बाद में दोनों नाबालिगों ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

पॉक्सो एक्ट समेत इन धाराओं में मामला दर्ज

शिकायत मिलने के बाद गुण्डरदेही पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(2), 137(2) और पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम को तत्काल रवाना किया गया।

24 घंटे में पुलिस के हाथ लगा आरोपी

पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर तलाश और पूछताछ के बाद आरोपी ललित ठाकुर को घटना के करीब 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *