रायपुर में 30 लाख के लिए टीचर ने की टीचर की हत्या, हथौड़े से फोड़ा सिर

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे आरंग इलाके में पैसों के विवाद ने दो शिक्षकों की दोस्ती को खूनी अंजाम तक पहुंचा दिया। पुलिस के मुताबिक 30 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर चल रहे विवाद में एक शिक्षक ने अपने साथी शिक्षक की हत्या की साजिश रची। आरोपी उसे स्कूटी पर बैठाकर सुनसान इलाके में ले गया और वहां हथौड़े तथा धारदार हथियार से हमला कर उसकी जान ले ली।पुलिस ने मामले में आरोपी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान CCTV फुटेज और शिक्षा विभाग के VSK ऐप की जानकारी ने पुलिस को अहम सुराग दिए।

महानदी किनारे मिला शिक्षक का शव

17 सितंबर 2026 को आरंग पुलिस को बनचरौदा गांव के पास महानदी तट पर एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले।जांच के बाद मृतक की पहचान 46 वर्षीय शिवकुमार चंद्राकर के रूप में हुई। वह रामपुर डंगनिया, थाना गोबरा नवापारा क्षेत्र का रहने वाला था और पेशे से शिक्षक था।

एक ही स्कूल में पढ़ाते थे दोनों आरोपी और मृतक

जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को पता चला कि शिवकुमार और आरोपी चंद्रप्रकाश वर्मा कुम्हारी गांव के एक ही स्कूल में शिक्षक थे। स्थानीय लोगों से पूछताछ के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि शिवकुमार को आखिरी बार चंद्रप्रकाश के साथ सफेद स्कूटी पर बनचरौदा की दिशा में जाते देखा गया था।इसके बाद पुलिस ने स्कूल में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग और शिक्षा विभाग के VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट की जांच की। इसी दौरान आरोपी की गतिविधियों को लेकर पुलिस को कई अहम सुराग मिले।

VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट से गहराया शक

पुलिस के मुताबिक 17 सितंबर की सुबह करीब साढ़े 9 बजे चंद्रप्रकाश स्कूल पहुंचा था। इसके बाद वह मोबाइल की लोकेशन बंद करके निजी काम का हवाला देते हुए स्कूल से बाहर चला गया।बताया गया कि हत्या के बाद वह करीब 1 बजे वापस स्कूल पहुंचा और दूसरे शिक्षक के मोबाइल से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। CCTV और डिजिटल रिकॉर्ड में सामने आई इन गतिविधियों ने पुलिस का शक और मजबूत कर दिया।

30 लाख रुपये के लेन-देन से शुरू हुआ विवाद

18 सितंबर को पुलिस ने चंद्रप्रकाश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने शिवकुमार की हत्या की बात स्वीकार की।जांच में सामने आया कि दोनों पिछले करीब चार साल से रेत, रियल एस्टेट और बुलियन मार्केट में ट्रेडिंग से जुड़े थे। आरोपी का दावा है कि उसने शिवकुमार को 30 लाख रुपये उधार दिए थे। इसके बदले शिवकुमार ने ग्रामीण बैंक के तीन ब्लैंक चेक दिए थे।पुलिस के मुताबिक आरोपी हर महीने ब्याज लेता था, लेकिन पिछले तीन महीनों से ब्याज की रकम नहीं मिलने के कारण दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

स्कूल के बाहर विवाद के बाद जंगल में ले गया

पुलिस की जांच के अनुसार 17 सितंबर को कुम्हारी स्कूल के बाहर पटवारी कार्यालय के पास दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद चंद्रप्रकाश शिवकुमार को स्कूटी पर बैठाकर बनचरौदा के सुनन जंगल की तरफ ले गया।आरोप है कि वहां उसने स्कूटी में रखे हथौड़े और धारदार हथियार से शिवकुमार पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी वहां से लौटकर स्कूल पहुंचा।

पुलिस ने कई अहम सामान किए जब्त

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल बताई गई स्कूटी, हथौड़ा और धारदार हथियार बरामद किए हैं। इसके अलावा तीन ब्लैंक चेक, मृतक का पर्स, दोनों मोबाइल फोन और खून लगे कपड़े व जूते भी जब्त किए गए हैं।पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में पुलिस अब हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *