वेतन भुगतान में गड़बड़ी, प्रभारी प्राचार्य समेत 3 कर्मचारी निलंबित

महासमुंद। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिरपुर में वेतन भुगतान में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में लोक शिक्षण संचालनालय ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रभारी प्राचार्य उमा ठाकुर समेत तीन कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबित कर्मचारियों में प्रभारी प्राचार्य उमा ठाकुर, सहायक ग्रेड-2 नारायण प्रसाद निर्मलकर और सहायक ग्रेड-2 अकील मोहम्मद खान शामिल हैं।

विभागीय आदेश के अनुसार, नारायण प्रसाद निर्मलकर पर जुलाई 2024 के वास्तविक वेतन और भत्तों में कथित तौर पर वृद्धि कर वेतन बिल तैयार करने और बढ़ी हुई राशि का कोषालय से आहरण कराने का आरोप है। इसके अलावा मई 2025 से जनवरी 2026 तक के नियमित वेतन बिलों में भी ऑनलाइन राशि बढ़ाकर भुगतान कराने की बात सामने आई है।

मामले को शासकीय नियमों की अनदेखी और वित्तीय अनियमितता से जुड़ा मानते हुए तीनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के तहत कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि में कर्मचारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। फिलहाल विभाग द्वारा वेतन बिलों और भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच में कथित अनियमितता में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका होने की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *