दुर्ग : पाटन क्षेत्र में खारून नदी पार करने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक बाइक से नदी पर बने एनीकेट को पार कर रहा था, तभी तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में गिर गया। घटना के बाद रेस्क्यू टीम ने काफी तलाश के बाद शव को बरामद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
एनीकेट पार करते समय हुआ हादसा
घटना रानितराई थाना क्षेत्र के ओदरागहन की बताई जा रही है। मृतक की पहचान धमतरी जिले के तर्रागोंदी गांव निवासी सुरेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर की शाम करीब 7 बजे सुरेंद्र बाइक से खारून नदी के एनीकेट को पार कर रहे थे। इसी दौरान नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वे बाइक समेत पानी में जा गिरे। देखते ही देखते वे नदी की तेज धार में बह गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम
हादसे की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर रानितराई थाना पुलिस के साथ एसडीआरएफ दुर्ग की टीम मौके पर पहुंची। नदी में युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।एसडीआरएफ के डीप डाइवर्स ने नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद टीम ने सुरेंद्र कुमार यादव का शव बरामद कर लिया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
शव बरामद होने के बाद उसे स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।



















