पार्षद पर जानलेवा हमले के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कई दिनों से फरार आरोपी दबोचा गया…वारदात में इस्तेमाल जैक रॉड भी बरामद

 रायगढ़ :  जूटमिल थाना क्षेत्र में वार्ड क्रमांक 36 के पार्षद विजय चौहान पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी कमल सारथी को उसके घर से पकड़ा और उसकी निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल लोहे का जैक रॉड भी बरामद किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।

झगड़ा शांत कराने पहुंचे थे पार्षद

पुलिस के अनुसार घटना 12 सितंबर की रात करीब 9:45 बजे की है। विजय चौहान जूटमिल पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर लौट रहे थे। इसी दौरान पुराने सारंगढ़ बस स्टैंड के पास मटन मार्केट में कुछ युवकों के बीच विवाद और मारपीट चल रही थी।विवाद बढ़ता देख पार्षद वहां पहुंचे और युवकों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान कमल सारथी भी वहां मौजूद था और कुछ लोगों के साथ विवाद कर रहा था। पार्षद ने उसे झगड़ा खत्म करने के लिए कहा।

विरोध करने पर गाली-गलौज, फिर सिर पर किया वार

पुलिस के मुताबिक पार्षद के समझाने पर आरोपी नाराज हो गया। आरोप है कि उसने पहले विजय चौहान के साथ गाली-गलौज की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद लोहे के जैक रॉड से उनके सिर पर हमला कर दिया।हमले में पार्षद के सिर पर गंभीर चोट आई। घटना के बाद उनके पिता ने जूटमिल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में BNS की धारा 109 (1), 115 (2), 296 और 351 (3) के तहत अपराध दर्ज किया।

फरार आरोपी की तलाश में लगातार जुटी थी पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP शशि मोहन सिंह ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद जूटमिल पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देना शुरू किया। उसके परिजनों से भी आरोपी के बारे में जानकारी मिलने पर पुलिस को तत्काल सूचना देने के लिए कहा गया था।

घर लौटने की सूचना मिली तो पुलिस ने दबोचा

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कमल सारथी अपने घर वापस आया है। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने उसके घर पर दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका अपने जीजा के साथ विवाद चल रहा था। इसी दौरान पार्षद विजय चौहान वहां पहुंचे और उसे विवाद करने से रोका। पुलिस के अनुसार इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने पार्षद पर जैक रॉड से हमला कर दिया।आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लोहे का जैक रॉड बरामद कर जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।

इन पुलिसकर्मियों की रही कार्रवाई में भूमिका

आरोपी की गिरफ्तारी और हथियार बरामद करने की कार्रवाई में जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, ASI राजेंद्र पटेल, प्रधान आरक्षक सतीश पाठक, राजेश पटेल, आरक्षक तरुण महिलाने और सुशील यादव समेत पुलिस टीम की भूमिका रही।SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधि समेत किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट, धमकी या हिंसक व्यवहार करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से विवाद की स्थिति में खुद कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना देने की अपील की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *