वेतन एरियर के 80 हजार रुपए बने रिश्वत का खेल, ACB ने प्राचार्य और लिपिक को 10 हजार लेते रंगे हाथों दबोचा

जांजगीर-चांपा: भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरारी की प्राचार्य और एक लिपिक को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ACB की टीम ने प्राचार्य अंजुलता सोनी और लिपिक विकास मसीह को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा।जानकारी के अनुसार, दोनों पर अपने ही स्कूल में कार्यरत बाबू मनीष राठौर से वेतन वृद्धि के एरियर की राशि निकलवाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

80 हजार रुपए के एरियर के बदले मांगी रिश्वत

बताया गया कि मनीष राठौर का वेतन वृद्धि एरियर करीब 80 हजार रुपए था। आरोप है कि इस राशि को जारी कराने के एवज में प्राचार्य और लिपिक ने पैसों की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की जांच की और फिर योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।रिश्वत की 10 हजार रुपए की रकम लेते ही दोनों आरोपियों को ACB की टीम ने पकड़ लिया।

13 अधिकारियों की टीम ने बिछाया जाल

इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए ACB की 13 सदस्यीय विशेष टीम तैनात की गई थी। टीम ने पूरी योजना के साथ कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।फिलहाल ACB आरोपी प्राचार्य और लिपिक से पूछताछ कर रही है। साथ ही मामले से संबंधित दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

ACB बिलासपुर की लगातार 56वीं ट्रैप कार्रवाई

बताया जा रहा है कि यह ACB बिलासपुर की लगातार 56वीं ट्रैप कार्रवाई है। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और जांच के बाद अन्य तथ्यों के सामने आने की संभावना भी बनी हुई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *