नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार, फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर तस्वीरें वायरल करने का भी आरोप


तखतपुर। तखतपुर थाना क्षेत्र के सिंघनपुरी गांव में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पीड़िता के घरेलू नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अपनी और पीड़िता की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने का भी आरोप है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अपने पति की इंस्टाग्राम आईडी चेक की थी। इसी दौरान उसे अपने घरेलू नाम से बनाई गई एक इंस्टाग्राम आईडी की जानकारी मिली। आरोप है कि इस फर्जी आईडी का इस्तेमाल आरोपी अख्तर खान उर्फ अफ्तार खान, पिता अफजल खान, उम्र 20 वर्ष, निवासी सिंघनपुरी द्वारा किया जा रहा था। आरोपी ने कथित तौर पर इस आईडी से अपनी और पीड़िता की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थीं।
मामले को लेकर पीड़िता की ओर से पुलिस को लिखित आवेदन दिया गया। आवेदन की जांच के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान पीड़िता का विधिवत बयान दर्ज किया गया, जिसमें उसने आरोपी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन तथा तखतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान, उप निरीक्षक दिलाराम मनहर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सदनवती कश्यप, महिला आरक्षक काजोल मनहर, आरक्षक राजकुमार, त्रिलोक सिंह एवं संतोष पोर्ते की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *