राखी से पहले मिली 31वीं किस्त ने बढ़ाई खुशियां, महतारी वंदन योजना बनी महिलाओं का मजबूत सहारा

 रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के तहत हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता राशि महिलाओं को अपनी व्यक्तिगत जरूरतों के साथ परिवार के खर्चों में सहयोग करने का अवसर दे रही है।रक्षाबंधन से पहले योजना की 31वीं किस्त जारी होने से महिलाओं की त्योहार संबंधी तैयारियों को भी सहारा मिला है। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत लटोरी की निवासी ममता राजवाडे भी इस योजना का लाभ ले रही हैं।

समय पर मिली राशि से आसान हुई त्योहार की तैयारी

ममता राजवाडे महिमा स्वयं सहायता समूह से जुडी हैं और जेंडर गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करती हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें योजना के तहत हर महीने एक हजार रुपये की सहायता नियमित रूप से मिल रही है।रक्षाबंधन से पहले 31वीं किस्त खाते में पहुंचने के बाद इस बार त्योहार की तैयारी उनके लिए अधिक आसान हो गई। मिली राशि से उन्होंने अपने भाई के लिए राखी, मिठाई और अन्य जरूरी सामान की व्यवस्था की। इससे पर्व की तैयारियों के दौरान परिवार पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव भी कम हुआ।

छोटी जरूरतों से लेकर घर के खर्च तक मिल रही मदद

ममता के अनुसार, योजना से मिलने वाली नियमित राशि महिलाओं के लिए रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में उपयोगी साबित हो रही है। महिलाएं अपनी आवश्यकताओं के साथ घरेलू खर्चों में भी इस राशि का इस्तेमाल कर पा रही हैं।नियमित आर्थिक सहायता से महिलाओं की आर्थिक निर्णयों में भागीदारी बढ़ रही है और वे अपनी जिम्मेदारियों को अधिक आत्मविश्वास के साथ निभा पा रही हैं। जरूरत के समय दूसरों पर निर्भरता कम होने से आत्मनिर्भरता की भावना भी मजबूत हो रही है।

ममता ने मुख्यमंत्री को बताया विष्णु भैया

ममता राजवाडे ने योजना की 31वीं किस्त मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन से ठीक पहले मिली आर्थिक सहायता बहनों के लिए किसी विशेष सौगात से कम नहीं है।उनका कहना है कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाला नियमित आर्थिक सहयोग महिलाओं के जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास लेकर आया है। इससे वे सम्मान के साथ अपनी जरूरतों और पारिवारिक दायित्वों को बेहतर तरीके से पूरा कर पा रही हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *