रामदेव के आंदोलन के ऐलान पर भड़के बृजभूषण, बोले- मैदान में उतरकर दिखाएं अपनी ताकत

उत्तर प्रदेश : बाबा रामदेव की हालिया बयानबाजी को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। सरकारी नौकरियों में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी के बाद अब बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने उन पर तीखा हमला बोला है। गोंडा में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने रामदेव के आंदोलन की क्षमता पर सवाल उठाते हुए उन्हें सीधे मैदान में उतरने की चुनौती दी।

आंदोलन की चेतावनी पर बृजभूषण का पलटवार

रामदेव की ओर से सरकारी नौकरियों में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन की बात कहे जाने पर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि यदि उन्हें आंदोलन करना है तो उन्हें खुद सामने आकर नेतृत्व करना चाहिए।उन्होंने रामदेव के पुराने आंदोलन का हवाला देते हुए उनकी शैली पर भी कटाक्ष किया। बृजभूषण ने दावा किया कि पिछली बार आंदोलन के दौरान रामदेव का व्यवहार ऐसा रहा था जिसे लोग आज भी याद करते हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने उनके सलवार पहनकर भागने वाले पुराने प्रसंग का जिक्र किया।

पतंजलि के उत्पादों को लेकर भी साधा निशाना

बृजभूषण शरण सिंह ने रामदेव की कंपनी पतंजलि के उत्पादों को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि रामदेव पहले स्वदेशी उत्पादों की बात करते थे, लेकिन अब उनके उत्पादों को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।बृजभूषण ने यह भी कहा कि रामदेव के आंदोलन की अपील को लेकर लोगों का भरोसा कितना है, इस पर भी विचार किया जाना चाहिए।

रामदेव और बृजभूषण के बीच पुराना विवाद

दोनों नेताओं के बीच सार्वजनिक तौर पर बयानबाजी का सिलसिला नया नहीं है। बृजभूषण शरण सिंह पहले भी रामदेव और पतंजलि से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठा चुके हैं।महर्षि पतंजलि की जन्मस्थली को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद सामने आ चुका है। बृजभूषण का आरोप रहा है कि पतंजलि के नाम से कारोबार करने वालों ने महर्षि पतंजलि की जन्मस्थली के संरक्षण और विकास पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया।रामदेव की ओर से आंदोलन को लेकर दिए गए ताजा बयान के बाद बृजभूषण का पलटवार इस पुराने मतभेद को एक बार फिर चर्चा में ले आया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *