9 स्पेशल ट्रेनों को मिला नियमित दर्जा, लंबी दूरी के यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत और आसान होगा सफर का प्लान

Special Train:  पश्चिम मध्य रेल के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे बोर्ड ने इस रूट से गुजरने वाली 9 स्पेशल ट्रेनों को अब नियमित रूप से चलाने का फैसला किया है। इनमें 4 अमृत भारत एक्सप्रेस और 5 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। नियमित सेवा शुरू होने के साथ इन ट्रेनों को नए नंबर दिए जाएंगे, जिससे यात्रियों को स्थायी समय-सारणी और यात्रा की बेहतर योजना बनाने में सुविधा मिल सकती है।

जबलपुर से कोयंबटूर और अगरतला तक नियमित सेवा

जबलपुर-कोयंबटूर साप्ताहिक एक्सप्रेस 23 अक्टूबर से जबलपुर से प्रत्येक शुक्रवार और 26 अक्टूबर से कोयंबटूर से हर सोमवार रवाना होगी। इस ट्रेन का नया नंबर 20160 और 20159 होगा। ट्रेन नरसिंहपुर, गाडरवारा, पिपरिया, इटारसी और हरदा में ठहरेगी।वहीं रानी कमलापति-अगरतला साप्ताहिक एक्सप्रेस 22 अक्टूबर से रानी कमलापति से गुरुवार को और 25 अक्टूबर से अगरतला से रविवार को नियमित रूप से चलेगी। इसे 11665 और 11666 नंबर दिए गए हैं। पमरे क्षेत्र में नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, गाडरवारा, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी, मैहर और सतना इसके प्रमुख ठहराव होंगे।

अमृत भारत एक्सप्रेस की इन ट्रेनों को भी नया नंबर

प्रयागराज-एलटीटी अमृत भारत एक्सप्रेस 21 अगस्त से 20436 नंबर से चलेगी, जबकि वापसी सेवा 22 अगस्त से 20435 नंबर के साथ शुरू होगी। सतना, जबलपुर और इटारसी इसके प्रमुख स्टॉप रहेंगे।सूबेदारगंज-एलटीटी अमृत भारत एक्सप्रेस 27 अगस्त से 14121 और वापसी में 28 अगस्त से 14122 नंबर के साथ नियमित होगी। यह सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया और इटारसी में रुकेगी।चर्लपल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस 2 अक्टूबर से 22075 और वापसी में 4 अक्टूबर से 22076 नंबर के साथ संचालित होगी। इटारसी, भोपाल और बीना इसके प्रमुख ठहराव हैं।प्रयागराज-उधना अमृत भारत एक्सप्रेस 24 अगस्त से 20437 और 25 अगस्त से वापसी में 20438 नंबर के साथ नियमित सेवा में शामिल हो जाएगी। पमरे क्षेत्र में कोटा, सवाई माधोपुर और रामगंजमंडी सहित प्रमुख स्टेशनों पर इसका ठहराव रहेगा।

बेंगलुरु, नाहरलगुन और बांद्रा रूट के यात्रियों को भी फायदा

लालकुआं-केएसआर बेंगलुरु साप्ताहिक एक्सप्रेस 19 सितंबर से 15302 और 15301 नंबर के साथ नियमित रूप से चलेगी। बीना, रानी कमलापति और इटारसी इसके प्रमुख स्टॉप होंगे।हापा-नाहरलगुन साप्ताहिक एक्सप्रेस 23 सितंबर से 19525 और 19526 नंबर के साथ संचालित होगी। शाजापुर, ब्यावरा राजगढ़, रुठियाई, गुना और शिवपुरी में इसका ठहराव रहेगा।इसके अलावा बीकानेर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक एक्सप्रेस 26 अगस्त से 14711 और 14712 नंबर के साथ नियमित ट्रेन बन जाएगी। सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंजमंडी और शामगढ़ इसके प्रमुख स्टेशन होंगे।

नियमित ट्रेन बनने से यात्रियों को क्या फायदा होगा?

स्पेशल ट्रेनों के नियमित होने से यात्रियों को निश्चित समय-सारणी के अनुसार यात्रा की योजना बनाने में आसानी होगी। आरक्षण व्यवस्था अधिक स्थिर होने की उम्मीद है और स्पेशल ट्रेन के अतिरिक्त शुल्क से भी राहत मिल सकती है। लंबी दूरी के यात्रियों के लिए यह फैसला खासा उपयोगी माना जा रहा है, क्योंकि अब इन रूटों पर यात्रा की योजना पहले से बेहतर तरीके से बनाई जा सकेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *