छत्तीसगढ़ में न्यायिक फेरबदल: 56 नए सिविल जजों को पहली पोस्टिंग, 15 न्यायिक अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी

 छत्तीसगढ़ : हाई कोर्ट ने न्यायिक व्यवस्था में व्यापक फेरबदल करते हुए 56 नव-नियुक्त सिविल जजों की पहली पदस्थापना कर दी है। इसके साथ ही उच्च और अधीनस्थ न्यायिक सेवा के कई अधिकारियों के तबादले और नई जिम्मेदारियों से जुड़े आदेश भी जारी किए गए हैं। हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव की ओर से जारी अलग-अलग आदेशों में कुल 15 न्यायिक अधिकारियों के स्थानांतरण और पदस्थापना की जानकारी दी गई है।

29 अगस्त तक नए पदस्थापना स्थल पर ज्वाइन करने के निर्देश

राज्य शासन द्वारा प्रोबेशन पर नियुक्त 56 सिविल जज जूनियर डिवीजन को उनकी पहली पोस्टिंग मिल गई है। सभी नव-नियुक्त न्यायिक अधिकारियों को 29 अगस्त तक संबंधित पदस्थापना स्थल पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।इन नियुक्तियों के साथ प्रदेश के विभिन्न न्यायालयों में न्यायिक कार्यों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। वहीं हायर ज्यूडिशियल सर्विस के पांच अधिकारियों के तबादले भी किए गए हैं।

दंतेवाड़ा से रायपुर पहुंचे हरीश कुमार अवस्थी

परिवार न्यायालय दंतेवाड़ा के न्यायाधीश हरीश कुमार अवस्थी को रायपुर में प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह ममता पटेल को अंबिकापुर से बिलासपुर में द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है।ज्योति अग्रवाल को पेंड्रारोड से राजनांदगांव में नई जिम्मेदारी दी गई है। वहीं नमिता मिंज भास्कर और न सिंह साहू के भी स्थानांतरण आदेश जारी किए गए हैं। न सिंह साहू को राजनांदगांव से अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, फास्ट ट्रैक कोर्ट दंतेवाड़ा के पद पर भेजा गया है।

रायपुर विशेष अदालत के नए जज बने नीरज शर्मा

रायपुर के प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरज शर्मा को एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े मामलों की विशेष अदालत का विशेष न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।अंबिकापुर में कमलेश जगदल्ला को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश की जिम्मेदारी मिली है, जबकि स्मिता रत्नावत को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, पॉक्सो न्यायालय के पद पर नियुक्त किया गया है।

सीनियर और जूनियर डिवीजन में भी बदलाव

सिविल जज सीनियर डिवीजन संवर्ग में सतीश कुमार खाखा को प्रतापपुर से स्थानांतरित कर मुंगेली में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट और प्रथम सिविल जज सीनियर डिवीजन नियुक्त किया गया है।भगवान दास पनिका को प्रतापपुर, श्वेता पटेल को छुईखदान, ईशान व्यास को दुर्ग और नीलेश जगदल्ला को राजनांदगांव में पदस्थ किया गया है।वहीं दुर्ग के द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रवि कुमार कश्यप को प्रतिनियुक्ति पर हाई कोर्ट में ओएसडी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा सिविल जज जूनियर डिवीजन संवर्ग के सात न्यायिक अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं।इन आदेशों के बाद प्रदेश की न्यायिक व्यवस्था में नए अधिकारियों की आमद के साथ कई महत्वपूर्ण पदों पर नई जिम्मेदारियां तय हो गई हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *