Chhattisgarh Weather Today: दो दिन हल्की रहेगी मानसून की रफ्तार, फिर लौटेगा तेज बारिश का दौर, 16 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी

 छत्तीसगढ़ : अगले दो दिनों तक मानसून की सक्रियता कुछ कमजोर रहने के संकेत हैं। तेज बारिश का सिलसिला फिलहाल थम सकता है और कई इलाकों में दिन के समय धूप निकलने की संभावना है। इसके चलते तापमान में बढ़ोतरी के साथ उमस भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगी। 13 से 15 अगस्त के बीच प्रदेश में एक बार फिर बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा सिस्टम बदलेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से और पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्र में नया साइक्लोनिक सर्कुलेशन विकसित हो रहा है। इस मौसमीय सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में नमी बढ़ेगी और कई जिलों में दोबारा अच्छी बारिश होने के आसार हैं।

16 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने गरज चमक, आकाशीय बिजली और बारिश की संभावना को देखते हुए प्रदेश के 16 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में मौसम बिगड़ सकता है, उनमें सरगुजा, जशपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली, जांजगीर चांपा, सक्ती, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग, बेमेतरा, राजनांदगांव और रायगढ़ के कई क्षेत्र शामिल हैं।

सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से गरज चमक और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने की अपील की है। किसानों और आम नागरिकों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने तथा खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *