मुख्यमंत्री साय ने मिनीमाता की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, कहा- समाज सेवा और महिला अधिकारों की आवाज आज भी प्रेरणास्रोत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद और प्रख्यात समाजसेविका स्वर्गीय मिनीमाता की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि मिनीमाता ने अपना संपूर्ण जीवन जनसेवा और सामाजिक सुधार के लिए समर्पित किया तथा अपने कार्यों से समाज में अमिट पहचान बनाई।

सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ बुलंद की थी आवाज

मुख्यमंत्री ने कहा कि मिनीमाता ने बाल विवाह, दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ लगातार संघर्ष किया। उन्होंने समाज के साथ-साथ संसद में भी महिलाओं के अधिकारों और सामाजिक सुधार से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया और बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उनके नाम पर दिया जाता है राज्य अलंकरण पुरस्कार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि समाज सेवा और महिला उत्थान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सम्मानित करने के लिए राज्य सरकार मिनीमाता के नाम पर राज्य अलंकरण पुरस्कार प्रदान करती है। यह सम्मान उनके आदर्शों और समाज के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक है।

नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं मिनीमाता

मुख्यमंत्री ने कहा कि मिनीमाता का सेवाभाव, सामाजिक प्रतिबद्धता और जनकल्याण के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा। उनके आदर्श समाज को सकारात्मक दिशा देने में सदैव मार्गदर्शक बने रहेंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *