शादी से इनकार का लिया खौफनाक बदला, युवती के निजी फोटो और वीडियो इंस्टाग्राम पर किए वायरल, आरोपी बेंगलुरु से गिरफ्तार

 बिलासपुर :  तखतपुर से साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है। प्रेम संबंध खत्म होने और शादी से इनकार किए जाने से नाराज युवक ने युवती की निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दिए। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी जांच और लगातार प्रयास के बाद उसे कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया।

वीडियो कॉल के दौरान रिकॉर्ड की गई सामग्री का किया दुरुपयोग

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुनील चतुर्वेदी का युवती के साथ प्रेम संबंध था। दोनों के बीच वीडियो कॉल के दौरान बनाई गई निजी तस्वीरों और वीडियो का आरोपी ने बाद में गलत इस्तेमाल किया। जब युवती ने शादी करने से मना कर दिया, तो उसने कथित तौर पर वही आपत्तिजनक सामग्री इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दी, जिससे पीड़िता की निजता और सम्मान को ठेस पहुंची।

पीड़िता की शिकायत पर तुरंत दर्ज हुआ मामला

सोशल मीडिया पर निजी फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद पीड़िता ने तखतपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गया।

तीन सदस्यीय टीम ने बेंगलुरु पहुंचकर दबोचा आरोपी

तखतपुर थाना प्रभारी अवनीश पासवान के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग की मदद से पुलिस ने आरोपी का ठिकाना बेंगलुरु में खोज निकाला। वहां दबिश देकर सुनील चतुर्वेदी को गिरफ्तार किया गया और उसे बिलासपुर लाया गया।

न्यायालय में पेशी के बाद भेजा गया जेल

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। अदालत के आदेश के अनुसार उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *