पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पेंड्रा पुलिस ने ग्राम बचरवार में दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 18 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 26 हजार रुपये बताई जा रही है।
ग्राम बचरवार में दबिश देकर पकड़ा गया आरोपी
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बचरवार क्षेत्र में गांजे का अवैध कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और आरोपी सोनू राठौर को हिरासत में लिया।तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया है। कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
नशे के कारोबार पर रोक लगाने पुलिस का अभियान तेज
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन में की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने कहा है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जिले में मादक पदार्थों के नेटवर्क पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।



















