बाघ की दहशत, खेत में चर रहे बैल पर किया हमला, वनकर्मियों का भी हुआ आमना-सामना

मोहला-मानपुर। जिले के मानपुर ब्लॉक क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी से ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है। औंधी (नवागांव) उप वन परिक्षेत्र के निडेली गांव में बाघ ने एक किसान के बैल पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वन विभाग की टीम ने घायल मवेशी का उपचार कराया, लेकिन बाघ के हमले में आई गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

खेत में जोताई के दौरान बैल पर झपटा बाघ

जानकारी के मुताबिक, किसान दसरू राम अपने खेत में जोताई कर रहा था। इसी दौरान खेत से कुछ दूरी पर चर रहे उसके बैल पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया। हमले में बैल बुरी तरह घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल बैल का इलाज शुरू कराया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। वन अमले ने घटनास्थल की जांच के दौरान बाघ के पंजों के निशान भी बरामद किए हैं।

गश्त के दौरान वनकर्मियों के सामने आया बाघ

घटना के बाद इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है। गश्त कर रहे वनकर्मियों का भी बाघ से बेहद करीब सामना हुआ। हालांकि, स्थिति को भांपते हुए वनकर्मियों ने तत्काल वहां से हटकर अपनी जान बचाई।

वन विभाग ने मृत मवेशी को जंगल क्षेत्र में रखकर उसके आसपास ट्रैप कैमरे लगाए हैं, ताकि बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

एक साल में कई बार दिखा बाघ, मवेशियों को बना चुका है शिकार

औंधी क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी कोई नई बात नहीं है। पिछले एक साल के दौरान यहां कई बार बाघ देखा जा चुका है। इससे पहले भी वह मवेशियों पर हमला कर चुका है।

निडेली गांव और आसपास के इलाकों में पिछले दो महीनों में यह तीसरी घटना बताई जा रही है, जब बाघ ने पालतू मवेशियों को निशाना बनाया है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।

ग्रामीण ने बताया, बेहद करीब बैठा था बाघ

ग्रामीण शेर सिंह ने बताया कि घटना के दौरान वह गांव से लगे खेत की ओर मौजूद था। तभी उसकी नजर पास में बैठे बाघ पर पड़ी। बाघ एक पत्थर पर बैठा अपनी पूंछ हिला रहा था।

स्थिति को खतरे भांपते हुए शेर सिंह ने अपने साथ मौजूद कुत्तों को बाघ की ओर बढ़ने का इशारा किया और तेज आवाजें निकालकर उसे डराने की कोशिश की। कुछ देर बाद बाघ जंगल की ओर चला गया।

वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी, ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील

घटना की जानकारी मिलने के बाद वन मंडलाधिकारी दिनेश पटेल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसान और ग्रामीणों से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मृत मवेशी के लिए मुआवजा प्रकरण तैयार किया गया है।

बाघ की लगातार मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इलाके में देर रात तक वनकर्मियों की गश्त जारी रही और अधिकारियों ने भी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *