गाना गाते-गाते बिगड़ी तबीयत, यूनिवर्सिटी कार्यक्रम में प्रोफेसर की मौत से मचा हड़कंप

 बिलासपुर : स्थित गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दर्दनाक घटना सामने आई। गाना गाते समय छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. शैलेंद्र कुमार सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ गई और हार्ट अटैक आने से उनकी मौत हो गई। घटना के बाद कार्यक्रम को तुरंत रोक दिया गया।

कार्यक्रम में शामिल थे शिक्षक और छात्र

जानकारी के अनुसार, गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. आलोक चक्रवाल के पांच साल का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें यूनिवर्सिटी के कई प्राध्यापक और छात्र शामिल हुए थे।कार्यक्रम के दौरान छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. शैलेंद्र कुमार सिंह ने गाना भी गाया। गाना खत्म करने के बाद उन्हें कुछ असहज महसूस हुआ, जिसके बाद वे बाथरूम की ओर चले गए।

बाथरूम में मिले बेहोश, जांच के बाद बंद किया गया कार्यक्रम

कुछ देर बाद जब वे वापस नहीं लौटे तो लोगों ने उनकी तलाश की। इस दौरान वे बाथरूम में गिरे हुए मिले। आनन फानन में उनकी स्थिति की जांच की गई, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी।घटना की जानकारी मिलते ही कार्यक्रम को तत्काल समाप्त कर दिया गया। प्रोफेसर की अचानक मौत से यूनिवर्सिटी परिसर में शोक का माहौल है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *