बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक पर छात्र के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। मामले में छात्र के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद छात्र के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं और बच्चे की तबीयत खराब होने की बात भी कही है।
सातवीं के छात्र से मारपीट का आरोप
यह मामला बालोद जिले के डौंडीलोहारा स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला का है। आरोप है कि कक्षा सातवीं में पढ़ने वाले 12 वर्षीय छात्र के साथ शिक्षक लोकेश्वर निषाद ने मारपीट की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2) और 296 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिता ने बताई पूरी घटना
छात्र के पिता प्रमोद साहू के अनुसार, स्कूल की छुट्टी होने के बाद उनका बेटा किसी काम से दोबारा कक्षा में गया था। बाद में एक पीरियड समाप्त होने पर बाथरूम ब्रेक के दौरान वह करीब एक मिनट की देरी से वापस लौटा।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसी बात से नाराज होकर शिक्षक ने छात्र के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उसके हाथ से छाती पर वार करते हुए उसका सिर दीवार की तरफ टकरा दिया।
बच्चे के सिर में सूजन, स्कूल जाने से भी डर
परिजनों का कहना है कि घटना के बाद छात्र के सिर में दर्द और सूजन की शिकायत हुई। रात होने के कारण पहले घर पर प्राथमिक उपचार किया गया। अगले दिन उसे डौंडीलोहारा के शासकीय अस्पताल ले जाकर इलाज कराया गया।
परिवार का यह भी कहना है कि इस घटना के बाद बच्चा मानसिक रूप से काफी डरा हुआ है और अब स्कूल जाने से भी घबरा रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने छात्र के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



















