तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से पिता-पुत्र की मौत, मां गंभीर रूप से घायल
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। पेंड्रा नगर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। मुख्य मार्ग स्थित राय पेट्रोल पंप के पास कोयले से भरे एक बेकाबू ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को टक्कर मार दी। भीषण हादसे में पिता और उनके नाबालिग बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
ओवरटेक के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार कुड़कुई गांव निवासी परिवार स्कूटी से पेंड्रा की ओर आ रहा था। इसी दौरान राय पेट्रोल पंप के पास सामने से एक बड़ा वाहन आ रहा था। बताया जा रहा है कि पीछे से आ रहे कोयले से लदे ट्रेलर ने ओवरटेक करने की कोशिश की और अनियंत्रित होकर स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों सवार सड़क पर दूर जा गिरे।
अस्पताल पहुंचने से पहले चली गई दो जिंदगियां
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने कुड़कुई निवासी तेरस भरिया (35) और उनके 14 वर्षीय पुत्र राजू भरिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल महिला का अस्पताल में उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
भाग रहे चालक को लोगों ने पकड़ लिया
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने सरस्वती शिशु मंदिर के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी।
कुछ देर बाधित रहा यातायात
दुर्घटना के बाद मुख्य मार्ग पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर यातायात बहाल कराया।
फिर उठे सड़क सुरक्षा पर सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने ऐसे वाहनों पर सख्त निगरानी और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।



















