एक शिकायत ने बदल दी तस्वीर, प्रशासन ने उठाया ऐसा कदम कि मच गई हलचल

 सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत पर बड़ी कार्रवाई, पंचायत सचिव तत्काल निलंबित

मुंगेली। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज एक शिकायत पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत सचिव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामला पथरिया विकासखंड के ग्राम सिलदहा का है, जहां सीसी रोड निर्माण और जल निकासी व्यवस्था में लापरवाही की शिकायत सामने आई थी। कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देश पर जांच कर कार्रवाई की गई।

ग्रामीणों ने बताई थी सड़क और जलभराव की समस्या

ग्राम सिलदहा के निवासी मनोज वर्मा और अजय राजपूत ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के जरिए शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि स्वीकृति मिलने के बावजूद गांव में सीसी रोड का निर्माण नहीं कराया गया। साथ ही जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ रही है।

जांच में सामने आई लापरवाही

शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर कुंदन कुमार ने मामले की जांच के निर्देश दिए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जांच प्रक्रिया शुरू कर पंचायत सचिव भूपत राजपूत को कारण बताओ नोटिस जारी किया। जांच के दौरान यह सामने आया कि स्वीकृत कार्य समय पर पूरा नहीं कराया गया और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की भी अनदेखी की गई।

तत्काल प्रभाव से किया गया निलंबित

जांच प्रतिवेदन के आधार पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे ने पंचायत सचिव भूपत राजपूत को गंभीर लापरवाही का दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जनपद पंचायत पथरिया निर्धारित किया गया है। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।

प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए ग्राम पंचायत बेलखुरी के पंचायत सचिव खांडेराम जांगड़े को ग्राम पंचायत सिलदहा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

कलेक्टर ने दी सख्त चेतावनी

कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आम लोगों और शासन के बीच भरोसे का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसमें दर्ज शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही, उदासीनता या आदेशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *