बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की बड़ी कार्रवाई, 55 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

 बिलासपुर: बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 55 किलो 150 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 27.57 लाख रुपए बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।

मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन में हुई घेराबंदी

रेल पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देश और डीएसपी रेल तोबियस खाखा के मार्गदर्शन में रेलवे क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान जीआरपी बिलासपुर को सूचना मिली कि कुछ लोग गांजा लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचे हैं।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्टेशन परिसर में घेराबंदी कर चार संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास रखे 32 पैकेटों से 55.150 किलो गांजा बरामद हुआ।

ओडिशा और मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकजनी बेहरा उम्र 40 वर्ष, रीना पटनायक उम्र 60 वर्ष दोनों निवासी संबलपुर ओडिशा, आयुष कुशवाह उम्र 18 वर्ष निवासी बुरहानपुर मध्यप्रदेश और हितेश कुमार भोई उम्र 18 वर्ष निवासी संबलपुर ओडिशा के रूप में हुई है।जीआरपी ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी के तहत मामला दर्ज किया है। न्यायालय में पेश करने के बाद चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

रेलवे स्टेशन पर गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

जीआरपी अधिकारियों के मुताबिक, बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर गांजा तस्करी के मामलों में यह अब तक की बड़ी कार्रवाई में से एक है। पुलिस लगातार रेलवे मार्ग से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर नजर रख रही है।

पहले भी रेलवे स्टेशनों पर पकड़े जा चुके हैं तस्कर

रेलवे क्षेत्र में गांजा तस्करी के खिलाफ पहले भी कई कार्रवाई हो चुकी हैं। जून 2026 में उसलापुर रेलवे स्टेशन से ओडिशा से लाया गया करीब 6.25 लाख रुपए का गांजा जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। वहीं मई 2026 में रेलवे स्टेशन से दो ऑटो में रखा 104 किलो गांजा बरामद हुआ था, जिसकी कीमत करीब 53.80 लाख रुपए थी और इस मामले में 11 लोगों को पकड़ा गया था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *