बाल सुधार गृह में चौकीदार की हत्या, चार बंदी किशोर फरार, बिलासपुर में मचा हड़कंप

 बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्थित शासकीय बाल सुधार गृह में रविवार रात सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाली बड़ी घटना सामने आई। ड्यूटी पर मौजूद नाइट चौकीदार नरेंद्र खांडे की हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच के अनुसार, बाल सुधार गृह में निरुद्ध चार किशोर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया है। सरकंडा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बंधक बनाकर बेरहमी से की गई हत्या

जानकारी के मुताबिक तखतपुर निवासी नरेंद्र खांडे रात की ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान चारों किशोरों ने उन्हें काबू में कर लिया। उनके हाथ, पैर और मुंह कपड़े से बांध दिए गए ताकि वह किसी तरह का विरोध न कर सकें। इसके बाद उनकी जमकर पिटाई की गई, जिससे उनकी मौत हो गई। हत्या के बाद चारों किशोर बाल सुधार गृह से भाग निकले।

गंभीर मामलों में बंद थे सभी आरोपी

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि फरार हुए चारों किशोर हत्या, मारपीट और छेड़खानी जैसे गंभीर मामलों में बाल सुधार गृह में निरुद्ध थे। इनमें तीन रायगढ़ जिले और एक कोरबा जिले का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुख्य आरोपी की उम्र 20 वर्ष पूरी हो चुकी थी और उसे जल्द ही सेंट्रल जेल भेजे जाने की तैयारी चल रही थी। अन्य आरोपियों पर भी हत्या और दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं।

फरार किशोरों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अफसर मौके पर पहुंचे। पूरे परिसर का निरीक्षण किया गया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। फरार किशोरों की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

परिजनों का प्रदर्शन, अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप

घटना के बाद मृतक नरेंद्र खांडे के परिजन बाल सुधार गृह के बाहर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने संस्था के कुछ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के साले संजय कुमार जांगड़े का कहना है कि मार्च महीने में नरेंद्र खांडे का तबादला हो गया था, लेकिन उन्हें नई जगह भेजने के बजाय पुराने स्थान पर ही ड्यूटी कराई जाती रही। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए।

जेल और सुधार गृह की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

हाल के समय में जेल और सुधार गृहों के भीतर लगातार सामने आ रही हिंसक घटनाओं ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुछ दिन पहले सेंट्रल जेल में भी एक कैदी की दूसरे कैदी द्वारा हत्या की घटना सामने आई थी। अब बाल सुधार गृह में चौकीदार की हत्या और चार बंदी किशोरों के फरार होने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फरार किशोरों की तलाश जारी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *