पहलीबार छत्तीसगढ़ के किसी विषय पर जारी होगा स्मारक सिक्कासमपूर्ण छत्तीसगढ़ और सिंधी समाज के लिए गौरव की बात

पहलीबार छत्तीसगढ़ के किसी विषय पर जारी होगा स्मारक सिक्का
समपूर्ण छत्तीसगढ़ और सिंधी समाज के लिए गौरव की बात
माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर भारत सरकार जारी करेगी ₹200 का स्मारक सिक्का एवं विशेष स्मारक डाक टिकट

रायपुर। सिंधी समाज की लगभग 300 वर्ष प्राचीन आध्यात्मिक पीठ शदाणी दरबार, रायपुर की पंचम पीठाधीश पूज्य माता साहिब हासी देवी जी की 200वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारत सरकार ₹200 का स्मारक सिक्का तथा एक विशेष स्मारक डाक टिकट जारी करने जा रही है।

शदाणी दरबार के वर्तमान एवं नवम पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी ने बताया कि पूज्य माता साहिब हासी देवी जी ने सिंध में नारी शक्ति की रक्षा करते हुए संपूर्ण समाज को एकता के सूत्र में पिरोया। उन्होंने अपने समय में शदाणी दरबार को सेवा, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा मानव कल्याण का अनुपम केंद्र बनाया, जिसकी प्रेरणा आज भी लाखों श्रद्धालुओं को प्राप्त हो रही है। माता साहिब द्वारा अपने जीवन में किए गए सेवा, त्याग, समाज सुधार एवं नारी उत्थान के अनुकरणीय कार्यों के सम्मानस्वरूप भारत सरकार उन्हें इस ऐतिहासिक स्मारक सिक्के एवं विशेष डाक टिकट के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित कर रही है।

शदाणी दरबार के प्रवक्ता नंदलाल साहित्या एवं उदय साईं ने कहा कि यह शदाणी दरबार, रायपुर सहित विश्वभर में बसे सिंधी समाज के लिए अत्यंत हर्ष, गौरव और ऐतिहासिक उपलब्धि का विषय है कि भारत सरकार पहली बार सिंधी समाज की किसी महान विभूति के सम्मान में स्मारक सिक्का एवं विशेष स्मारक डाक टिकट जारी कर रही है।

उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे शदाणी दरबार से जुड़े सिक्का संग्राहक विक्रम तेजवानी की वर्षों की मेहनत, समर्पण और दूरदृष्टि का महत्वपूर्ण योगदान है। स्मारक सिक्का एवं स्मारक डाक टिकट जारी करने की परिकल्पना सर्वप्रथम उन्होंने ही की थी, जिसके परिणामस्वरूप आज यह ऐतिहासिक कार्य साकार होने जा रहा है।

शदाणी दरबार सदैव परोपकार, सेवा, सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार, भक्ति, ज्ञान तथा विश्व कल्याण के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। दरबार की यह गौरवशाली परंपरा आज भी समाज को सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दे रही है।

स्मारक सिक्के की संपूर्ण प्रक्रिया से जुड़े प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री सुधीर लूणावत ने बताया कि ₹200 मूल्यवर्ग का यह स्मारक सिक्का भारत सरकार की कोलकाता टकसाल द्वारा निर्मित किया जा रहा है। सिक्के का कुल वजन 35 ग्राम होगा, जिसमें 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा, 5 प्रतिशत निकल तथा 5 प्रतिशत जस्ता का मिश्रण रहेगा।

संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी ने बताया कि इस स्मारक सिक्के का भव्य अनावरण इसी सप्ताह किए जाने की संभावना है। सिक्का जारी होने के पश्चात श्रद्धालु एवं संग्राहक इसे शदाणी दरबार के विभिन्न मंदिरों एवं इकाइयों के माध्यम से अथवा कोलकाता टकसाल की आधिकारिक वेबसाइट से बुकिंग करवाकर प्राप्त कर सकेंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *