महानदी में दो मासूमों की जान बचाकर शहीद हुआ युवक, दूसरे दिन नदी किनारे मिला शव

 अभनपुर। गोबरा नवापारा के नेहरू घाट स्थित महानदी में दो बच्चों की जान बचाने के दौरान डूबे युवक प्रदीप कश्यप का शव रविवार तड़के नदी किनारे शनि मंदिर के पीछे बरामद हुआ। शनिवार को हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने घंटों तक तलाश अभियान चलाया था, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। रविवार सुबह दोबारा खोज शुरू होने से पहले ही शव नदी किनारे बहकर आ गया।

मौत की परवाह किए बिना लगाई छलांग

जानकारी के अनुसार, इंदिरा मार्केट निवासी 35 वर्षीय प्रदीप कश्यप शनिवार दोपहर अपनी पत्नी के साथ नेहरू घाट पहुंचे थे। इसी दौरान नदी में नहा रहे दो बच्चे गहरे पानी में फंसकर डूबने लगे। बच्चों को संकट में देखकर प्रदीप ने बिना एक पल गंवाए नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया, लेकिन खुद तेज धारा और गहरे पानी की चपेट में आकर लापता हो गए।

घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। कई घंटे तक नदी में तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। रात होने के कारण अभियान रोक दिया गया।

रविवार सुबह नदी किनारे मिला शव

रविवार तड़के शनि मंदिर के पीछे नदी किनारे प्रदीप कश्यप का शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

साहसिक बलिदान को लोग कर रहे नमन

इस घटना से पूरे गोबरा नवापारा क्षेत्र में शोक का माहौल है। अपनी जान की परवाह किए बिना दो बच्चों का जीवन बचाने वाले प्रदीप कश्यप के साहस और मानवता की हर ओर सराहना हो रही है। उनका यह बलिदान लोगों के लिए हमेशा प्रेरणा का प्रतीक रहेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *