रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के पांच अधिकारियों के प्रभार में फेरबदल किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) के कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन को उनके पद से हटाकर मंत्रालय में स्कूल शिक्षा विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि उन्हें करीब दो महीने पहले ही जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।उनकी जगह तकनीकी शिक्षा विभाग के संचालक विजय दयाराम के. को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही का नया कलेक्टर बनाया गया है।
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
राज्य सरकार के आदेश के अनुसार, महासमुंद जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत रमेश नंदनवार को संचालक, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।दुर्ग नगर निगम के आयुक्त सुमित अग्रवाल को अब छत्तीसगढ़ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के साथ रिमिजियस एक्का को इस अतिरिक्त जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है।वहीं, महासमुंद जिले के सरायपाली की एसडीएम अनुपमा आनंद को पदोन्नत करते हुए जिला पंचायत महासमुंद का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की कवायद
महानदी भवन से जारी आदेश के जरिए सरकार ने विभिन्न विभागों और जिलों में प्रशासनिक जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण किया है। माना जा रहा है कि इस फेरबदल का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है।





















