CG News: होटलों और किराना दुकानों पर खाद्य विभाग की सख्ती, जांच में मिली गड़बड़ियां, संचालकों को जारी हुआ नोटिस

बलौदाबाजार। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बलौदाबाजार और टुण्डरा क्षेत्र के होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कई अनियमितताएं पकड़ीं।

बिना पंजीयन चल रही दुकान पर कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान टुण्डरा स्थित हरिशंकर किराना बिना वैध खाद्य पंजीयन के संचालित मिलता पाया गया। टीम ने दुकान से आटा और खाद्य तेल के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए और बिना पंजीयन खाद्य कारोबार करने के मामले में नियमानुसार कार्रवाई शुरू की।

रेस्टोरेंट में सफाई और खाद्य सुरक्षा में मिली कमी

रायपुर रोड स्थित सुदर्शन रेस्टोरेंट के निरीक्षण में कई खामियां सामने आईं। जांच के दौरान शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री को अलग-अलग नहीं रखा गया था। इसके अलावा साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली और खाद्य सामग्री संभालने वाले कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं कराया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत नोटिस जारी

इन अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए संबंधित प्रतिष्ठान को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जिलेभर में जारी रहेगा निरीक्षण अभियान

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कहा कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलेभर में निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *