बस्तर की बड़ी उपलब्धि, बोधघाट थाना बना छत्तीसगढ़ का नंबर-1 पुलिस थाना, राष्ट्रीय रैंकिंग में मिली पहचान

बस्तर। कभी नक्सल हिंसा की वजह से सुर्खियों में रहने वाला बस्तर अब बेहतर पुलिसिंग और जनविश्वास की नई मिसाल बनकर उभर रहा है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय की वर्ष 2025 की वार्षिक पुलिस थाना रैंकिंग में बस्तर जिले के बोधघाट थाना को छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना चुना गया है। यह पहली बार है जब बस्तर संभाग के किसी थाने को यह राष्ट्रीय सम्मान मिला है।

बेहतर पुलिसिंग और जनसहभागिता का मिला पुरस्कार

बोधघाट थाना की इस उपलब्धि के पीछे अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण विवेचना, सामुदायिक पुलिसिंग और आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय को अहम माना जा रहा है। तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक पी. सुंदरराज के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे की निगरानी में कई नवाचार किए गए, जिनका सकारात्मक परिणाम राष्ट्रीय स्तर पर देखने को मिला।

इन मापदंडों पर हुआ मूल्यांकन

केंद्रीय गृह मंत्रालय हर वर्ष देशभर के पुलिस थानों का व्यापक मूल्यांकन करता है। इसमें केवल अपराध के आंकड़ों को नहीं, बल्कि अपराध नियंत्रण, जांच की गुणवत्ता, नागरिकों के प्रति व्यवहार, सामुदायिक भागीदारी, अधोसंरचना, रिकॉर्ड प्रबंधन, नवाचार और समग्र कार्यप्रणाली जैसे कई मानकों को शामिल किया जाता है। इन सभी कसौटियों पर बोधघाट थाना उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य में पहले स्थान पर रहा।

बस्तर पुलिस के लिए गौरव का क्षण

यह सम्मान केवल एक थाना तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे बस्तर पुलिस की बदलती कार्यसंस्कृति और बेहतर कानून व्यवस्था की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान है। इससे पहले वर्ष 2020 में सूरजपुर जिले के झिलमिली थाना और वर्ष 2023 में दुर्ग जिले के नंदिनी नगर थाना को भी प्रदेश में उत्कृष्ट पुलिस थानों का सम्मान मिल चुका है। अब वर्ष 2025 में बोधघाट थाना ने यह उपलब्धि हासिल कर नया इतिहास रच दिया है।

सम्मान समारोह में मिला प्रशस्ति-पत्र

सम्मान समारोह के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री के नाम से जारी प्रशस्ति-पत्र तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक पी. सुंदरराज और वर्तमान पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीना ने तत्कालीन थाना प्रभारी लीलाधर राठौड़ तथा वर्तमान थाना प्रभारी तामेश्वर चौहान को प्रदान किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस उपलब्धि को पूरी बस्तर पुलिस टीम के समर्पण और उत्कृष्ट कार्य का परिणाम बताया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *