मोहला-मानपुर: नक्सल मुक्त घोषित होने के बाद मोहला-मानपुर जिले में पहली बार राजनांदगांव पुलिस रेंज की अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक बालाजी राव ने की। इस दौरान चार जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ कानून व्यवस्था, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण, तकनीक आधारित पुलिसिंग और जनसेवा को अधिक प्रभावी बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया।
चार जिलों के पुलिस अधीक्षक रहे मौजूद
रेंज स्तरीय इस बैठक में राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कबीरधाम और मोहला-मानपुर के पुलिस अधीक्षकों सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने अपने-अपने जिलों में चल रहे नवाचारों और बेहतर पुलिसिंग मॉडल की जानकारी प्रस्तुत की।
बेहतर नवाचार पूरे रेंज में लागू करने के निर्देश
बैठक में विभिन्न जिलों द्वारा अपनाए गए सफल पुलिसिंग मॉडल और नवाचारों का प्रस्तुतीकरण किया गया। आईजी बालाजी राव ने उपयोगी पहल को सभी जिलों में आवश्यकता के अनुसार लागू करने के निर्देश दिए, ताकि पुलिस व्यवस्था अधिक प्रभावी और जनहितकारी बन सके।
लंबित मामलों और तकनीकी व्यवस्था की हुई समीक्षा
आईजी ने समीक्षा के दौरान लंबित अपराध, शिकायतों के निपटारे, सीएम हेल्पलाइन 1076, CCTNS प्रशिक्षण, रेडियो कम्युनिकेशन और अन्य विभागीय कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। साथ ही अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई और कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
डिस्ट्रिक्ट प्रोफाइल बुक का हुआ विमोचन
बैठक के दौरान मोहला-मानपुर जिले की डिस्ट्रिक्ट प्रोफाइल बुक का विमोचन भी किया गया। यह दस्तावेज जिले की प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों का संकलन माना जा रहा है।
वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
समीक्षा बैठक समाप्त होने के बाद मोहला-मानपुर कलेक्टर तूलिका प्रजापति की मौजूदगी में आईजी बालाजी राव और अन्य पुलिस अधिकारियों ने रक्षित केंद्र परिसर में पौधारोपण किया। इस पहल के जरिए पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण का संदेश दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर
बैठक में राजनांदगांव की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, कबीरधाम के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह, मोहला-मानपुर के पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह सहित चारों जिलों के राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने पूरे रेंज में बेहतर समन्वय, आधुनिक पुलिसिंग और प्रभावी कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए साझा रणनीति पर भी चर्चा की।



















