CG News: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से एक बेहद शर्मनाक और दिल झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पिता पर अपनी 8 साल की मासूम बेटी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है. पीड़िता की शिकायत के बाद उसकी मां ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
8 साल की बेटी ने पति को बनाया हवस का शिकार
दरअसल घटना बीती शुक्रवार रात की है. महिला का आरोप है कि उसका पति बच्ची को अपने साथ कमरे में ले गया और उसके साथ जबरन अनाचार किया. बाद में डरी-सहमी बच्ची ने अपनी मां को पूरी घटना बताई. महिला का कहना है कि इससे पहले भी पति इस तरह की हरकत कर चुका था. उसने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज न कराने के लिए उस पर ससुराल पक्ष की ओर से दबाव भी बनाया गया, लेकिन उसने साहस दिखाते हुए थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.
पुलिस ने किया गिरफ्तार
मामले में थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है.
पीड़िता की मां ने बताया कि उसका पति पेशे से ड्राइवर है और अक्सर नशे की हालत में घर आता था. इस घटना ने एक बार फिर समाज को झकझोर दिया है और यह सवाल खड़ा कर दिया है कि नशे और विकृत मानसिकता के कारण रिश्तों की मर्यादा किस तरह तार-तार हो रही है.



















