नई दिल्ली। एप्पल की अगली पीढ़ी की iPhone 18 सीरीज को लेकर लगातार नई जानकारियां सामने आ रही हैं। हालांकि कंपनी ने अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन विभिन्न रिपोर्ट्स में इसके लॉन्च, फीचर्स और कीमत को लेकर कई बड़े दावे किए गए हैं। माना जा रहा है कि इस बार भी एप्पल अपने नए आईफोन में कई अहम अपग्रेड्स देने की तैयारी में है।
दो चरणों में हो सकता है लॉन्च
लीक्स के मुताबिक, iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max को इस साल सितंबर में पेश किया जा सकता है। वहीं, स्टैंडर्ड iPhone 18 और अन्य मॉडल अगले साल फरवरी या मार्च में लॉन्च होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी तक इस टाइमलाइन की पुष्टि नहीं की गई है।
संभावित फीचर्स
रिपोर्ट्स के अनुसार, iPhone 18 में 6.3 इंच का OLED डिस्प्ले मिल सकता है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करेगा। फोन में एप्पल का नया A20 चिपसेट, 12GB रैम और 256GB इंटरनल स्टोरेज दिए जाने की उम्मीद है।
बैटरी के मामले में भी बड़ा अपग्रेड देखने को मिल सकता है। इसमें बड़ी बैटरी के साथ 25W MagSafe वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट मिलने की संभावना है।
कैमरा और AI फीचर्स पर रहेगा फोकस
फोटोग्राफी के लिए फोन में 48 मेगापिक्सल + 48 मेगापिक्सल का डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया जा सकता है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 18 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, कैमरा और सिस्टम में नए AI आधारित फीचर्स भी शामिल किए जा सकते हैं।
भारत में कितनी हो सकती है कीमत?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्टोरेज और मेमोरी चिप्स की बढ़ती लागत के चलते iPhone 18 की कीमत पिछले मॉडल से अधिक हो सकती है। अनुमान है कि भारत में इसकी शुरुआती कीमत करीब 89,999 रुपये हो सकती है, जो iPhone 17 की शुरुआती कीमत से लगभग 7,000 रुपये ज्यादा मानी जा रही है।
दो नए मॉडल भी आ सकते हैं
लीक्स में यह भी दावा किया गया है कि iPhone 18 के साथ कंपनी दो नए मॉडल भी पेश कर सकती है। इनमें iPhone 18e को किफायती विकल्प के रूप में उतारा जा सकता है, जबकि iPhone Air 2 पिछले साल लॉन्च हुए Air मॉडल का अपग्रेडेड संस्करण होगा। इस मॉडल में डुअल रियर कैमरा, बड़ी बैटरी और कई नए हार्डवेयर सुधार देखने को मिल सकते हैं।
अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार
फिलहाल iPhone 18 सीरीज से जुड़ी सभी जानकारियां लीक्स और मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित हैं। एप्पल ने अब तक लॉन्च डेट, फीचर्स या कीमत को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ऐसे में अंतिम स्पेसिफिकेशन और कीमत लॉन्च के समय बदल भी सकते हैं।



















