शादी के दो दिन बाद दुल्हन हुई लापता, मेकअप के बहाने निकली और फिर नहीं लौटी, पुलिस जांच में जुटी

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शादी के महज दो दिन बाद एक नवविवाहिता मेकअप कराने के बहाने घर से निकली और फिर वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। अब पुलिस महिला की तलाश में जुटी हुई है।

फोटोशूट से पहले पार्लर जाने की कही बात

घटना गोसलपुर थाना क्षेत्र की है। बरेला निवासी गौतम यादव की शादी 21 जून को हुई थी। शादी के बाद 23 जून को परिवार एक समारोह में शामिल हुआ और अगले दिन बंजारिन माता मंदिर जाने का कार्यक्रम बनाया गया। इसी दौरान पति-पत्नी ने शादी की यादगार तस्वीरें खिंचवाने के लिए स्टूडियो जाने का फैसला किया।

स्टूडियो पहुंचने पर नवविवाहिता ने फोटोशूट से पहले ब्यूटी पार्लर जाकर तैयार होने की इच्छा जताई। उसने पति से कहा कि वह केवल 10 से 15 मिनट में लौट आएगी और उसे बाहर इंतजार करने के लिए कहा।

इंतजार करता रहा पति, नहीं लौटी पत्नी

पत्नी के कहने पर गौतम बाहर ही रुक गया और समय बिताने के लिए पास की दुकान पर समोसे खाने चला गया। करीब आधे घंटे बाद भी जब पत्नी वापस नहीं आई तो उसने पहले पार्लर और आसपास के इलाके में तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर उसने पत्नी के मायके में संपर्क किया, लेकिन वहां भी उसके पहुंचने की पुष्टि नहीं हुई।

गहने भी साथ ले जाने का दावा

पति का आरोप है कि उसकी पत्नी अपने साथ करीब साढ़े तीन लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने भी लेकर गई है। हर संभव प्रयास के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो उसने गोसलपुर और बरेला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पति को आशंका है कि उसकी पत्नी किसी परिचित व्यक्ति के साथ चली गई है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक पुलिस ने किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

गोसलपुर थाना प्रभारी गजावती पुसाम ने बताया कि पति की शिकायत के आधार पर महिला की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस उसके रिश्तेदारों, परिचितों और अन्य संभावित स्थानों पर जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला अपनी इच्छा से कहीं गई है या मामले के पीछे कोई अन्य वजह है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *