बलौदाबाजार जिले के भाटापारा शहर में 80 वर्षीय महिला से मंगलसूत्र लूटने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि इस पूरी घटना का मास्टरमाइंड पीड़िता का सगा भतीजा ही निकला। उसने अपनी प्रेमिका और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई थी। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर सोने के जेवर और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली है।
भरोसा जीतकर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार घटना 25 जून की है। नयापारा वार्ड निवासी 80 वर्षीय हीराबाई ध्रुव अकेले रहती हैं और वृद्धावस्था पेंशन के सहारे जीवनयापन करती हैं। आरोपियों ने पहले खुद को उनके एक रिश्तेदार के अस्पताल में भर्ती परिचित का पड़ोसी बताकर संपर्क किया और धीरे-धीरे उनका विश्वास जीत लिया।
सुनसान इलाके में ले जाकर छीना मंगलसूत्र
विश्वास कायम करने के बाद आरोपी बुजुर्ग महिला को बोडतरा रोड स्थित सुनसान स्थान पर ले गए। वहां उनके गले से मंगलसूत्र छीनकर सभी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने भाटापारा शहर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से मिला पहला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान गोलू उर्फ अजय ध्रुव संदिग्ध के रूप में सामने आया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
भतीजे ने प्रेमिका और साथी के साथ बनाई थी योजना
पूछताछ में पता चला कि पीड़िता का सगा भतीजा टेकूराम ध्रुव इस वारदात का मुख्य आरोपी है। उसने अपनी प्रेमिका सरिता निषाद और साथी सागर मरकाम के साथ मिलकर लूट की योजना तैयार की थी। योजना के तहत पहले बुजुर्ग महिला का भरोसा जीता गया और फिर सुनसान स्थान पर ले जाकर मंगलसूत्र लूट लिया गया।
जेवर और बाइक बरामद, चारों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 9.980 ग्राम वजनी सोने के जेवर बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 1.05 लाख रुपये बताई गई है। वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।
तिल्दा-नेवरा के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के निवासी हैं। सभी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



















