रायपुर। राजधानी रायपुर में भीषण गर्मी के बीच घंटों सड़क पर ड्यूटी करने वाले ट्रैफिक पुलिस जवानों को राहत देने के लिए नई तकनीक अपनाई जा रही है। ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार से एसी हेलमेट का ट्रायल शुरू किया है। यदि यह परीक्षण सफल रहता है, तो भविष्य में बड़ी संख्या में ट्रैफिक जवानों को ऐसे हेलमेट उपलब्ध कराए जाएंगे।
गर्मी में मिलेगी बड़ी राहत
ट्रैफिक जवानों को रोजाना खुले आसमान के नीचे लंबे समय तक यातायात व्यवस्था संभालनी पड़ती है। तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण उन्हें हीट स्ट्रेस, डिहाइड्रेशन और अत्यधिक थकान जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में एसी हेलमेट उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य दोनों के लिए मददगार साबित हो सकते हैं।
कैसे काम करता है एसी हेलमेट
ट्रायल के लिए उपलब्ध कराए गए हेलमेट में ऊपर की ओर बैटरी से चलने वाला छोटा फैन और एयर डक्ट सिस्टम लगाया गया है। हेलमेट के साथ बैटरी पैक कमर या बेल्ट पर लगाया जाता है। यह फैन बाहर की हवा को खींचकर फिल्टर करता है और ठंडी हवा को सिर तथा चेहरे तक पहुंचाता है। कुछ मॉडलों में कूलिंग मॉड्यूल भी लगाया गया है, जो हवा का तापमान कुछ डिग्री तक कम कर देता है।
एक बार पूरी तरह चार्ज होने के बाद यह हेलमेट सामान्य रूप से 6 से 8 घंटे तक लगातार काम कर सकता है।
तापमान का असर होगा कम
कंपनियों के दावे और शुरुआती परीक्षण के अनुसार यह तकनीक सिर के आसपास का तापमान करीब 8 से 15 डिग्री सेल्सियस तक कम महसूस कराने में सक्षम है। इससे लू लगने और हीट स्ट्रेस का खतरा काफी हद तक कम हो सकता है।
सफल रहा ट्रायल तो बढ़ेगा दायरा
एडीसीपी ट्रैफिक विवेक शुक्ला ने बताया कि एक निजी कंपनी ने परीक्षण के लिए कुछ एसी हेलमेट उपलब्ध कराए हैं। इनका उद्देश्य भीषण गर्मी में ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक जवानों को राहत देना है। ट्रायल के नतीजों का आकलन करने के बाद आगे अधिक संख्या में ऐसे हेलमेट उपलब्ध कराने पर निर्णय लिया जाएगा।
कार्यकुशलता और मनोबल बढ़ाने पर जोर
पुलिस विभाग का मानना है कि बेहतर कार्य परिस्थितियां उपलब्ध कराने से ट्रैफिक जवानों की कार्यक्षमता के साथ-साथ उनका मनोबल भी बढ़ेगा। नई तकनीक का यह प्रयोग सफल होने पर गर्मी के मौसम में सड़क पर ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों के लिए यह बड़ी राहत साबित हो सकता है।



















