डीएसपी के साथ पांच लाख की ठगी, रकम दोगुनी करने का झांसा देकर आरोपी फरार

 रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस मुख्यालय में पदस्थ एक डीएसपी ही ठगी का शिकार हो गए। रकम दोगुनी करने का लालच देकर आरोपियों ने उनसे पांच लाख रुपये ऐंठ लिए और मौके से फरार हो गए। मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

पेट्रोल पंप की लिमिट बढ़ाने के बहाने हुई पहचान

शिकायतकर्ता पुनदास अंचल पुलिस मुख्यालय रायपुर में उप पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी के नाम पर पेट्रोल पंप संचालित होता है, जिसकी क्रेडिट लिमिट 40 लाख रुपये तक है। वह इस लिमिट को बढ़ाना चाहते थे। इसी दौरान करीब दो वर्ष पहले उनकी मुलाकात नरेश दामोहे नामक व्यक्ति से हुई, जिसने खुद को वकील और फाइनेंस कारोबारी बताते हुए लिमिट बढ़ाने में मदद करने का भरोसा दिलाया।

रुपये दोगुने करने का दिया लालच

डीएसपी के मुताबिक 25 जून को नरेश दामोहे ने फोन कर कहा कि वह पांच लाख रुपये की रकम को दोगुना कर सकता है। उसने उन्हें नकदी लेकर कमल विहार अस्पताल के पास बुलाया। आरोपी की बातों पर भरोसा करते हुए डीएसपी तय स्थान पर पांच लाख रुपये लेकर पहुंच गए।

सुनसान इलाके में वारदात को दिया अंजाम

बताया गया कि रात करीब नौ बजे आरोपी अपने साथियों के साथ डीएसपी को कटोरा तालाब स्थित सुनसान इलाके में ले गया। इसी दौरान वहां कुछ लोगों के बीच विवाद होता दिखाई दिया। डीएसपी ने अपनी कार में रखी नकदी का जिक्र करते हुए बाहर जाकर विवाद देखने की बात कही।जब कुछ देर बाद वह वापस लौटे तो कार में रखा बाकी सामान सुरक्षित था, लेकिन सूटकेस में रखे पांच लाख रुपये गायब थे। वहीं आरोपी और उसके साथी भी मौके से फरार हो चुके थे।

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

घटना के बाद डीएसपी ने तत्काल सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *