दो सनसनीखेज हत्याओं का खुलासा, प्रेमिका की जन्मदिन पर हत्या, दूसरी वारदात में ऑनर किलिंग का आरोप

 महासमुंद :  पुलिस ने दो अलग-अलग हत्याकांडों की गुत्थी सुलझाते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। एक मामले में शादी के लिए लगातार दबाव बना रही युवती की उसके नाबालिग प्रेमी ने कथित तौर पर जन्मदिन की रात पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। वहीं दूसरे मामले में अंतरजातीय प्रेम विवाह से नाराज परिजनों पर युवती की हत्या करने का आरोप सामने आया है।

जन्मदिन पर मिलने पहुंची युवती की कर दी हत्या

खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम रामखेड़ा झारा नाला में दो दिन पहले रेत में दबा एक युवती का शव मिला था। जांच के दौरान पुलिस नाबालिग आरोपी तक पहुंची। पूछताछ में सामने आया कि मृतका भारती टंडन अपने प्रेमी पर शादी करने का लगातार दबाव बना रही थी।

पुलिस के अनुसार, 19 जून को युवती बालिग होने के बाद अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर जाने के इरादे से कपड़े लेकर मिलने पहुंची थी। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई और आरोपी ने कथित तौर पर उसे आंखें बंद करने के लिए कहा। इसके बाद पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को रेत में दबाकर फरार हो गया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर नाबालिग को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि शादी को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था और इसी तनाव के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने किशोर आरोपी को विधिक प्रक्रिया के तहत बाल न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।

दूसरे मामले में अंतरजातीय विवाह बना हत्या की वजह

महासमुंद के पटेवा थाना क्षेत्र के तुरेंगा गांव में खेत से बरामद एक अज्ञात महिला के शव की जांच में भी पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मृतका की पहचान बागबाहरा निवासी रानी कुमारी सिंह के रूप में हुई।

जांच में पुलिस के सामने आरोप आया कि रानी के अंतरजातीय प्रेम विवाह से उसके पिता उमेश सिंह, चाचा दिनेश सिंह और बड़े पिता राजेश सिंह नाराज थे। आरोप है कि तीनों ने मिलकर रानी की हत्या की साजिश रची और उसे अपने साथ ले जाकर सुनसान खेत में धारदार हथियार से मार डाला।

सूरत से गिरफ्तार हुआ मुख्य आरोपी

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस की टीम गुजरात के सूरत पहुंची। स्थानीय पुलिस की मदद से मुख्य आरोपी उमेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई बाइक, मोबाइल फोन और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं।

दोनों मामलों में जांच जारी

पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पहले मामले में किशोर आरोपी के खिलाफ किशोर न्याय कानून के तहत प्रक्रिया अपनाई गई है, जबकि दूसरे मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। दोनों घटनाओं ने जिले में सनसनी फैला दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *