डोंगरगांव को मिला नगर पालिका परिषद का दर्जा, विकास कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार

 राजनांदगांव : डोंगरगांव के लिए बड़ी सौगात सामने आई है। छत्तीसगढ़ सरकार ने डोंगरगांव नगर पंचायत का दर्जा बढ़ाकर उसे नगर पालिका परिषद घोषित कर दिया है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव की घोषणा के बाद इस संबंध में राजपत्र अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। फैसले के बाद नगर में उत्साह का माहौल है और लोगों ने इसे विकास की दिशा में अहम कदम बताया है।

नगर पंचायत से नगर पालिका परिषद बना डोंगरगांव

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम, 1961 के तहत डोंगरगांव का उन्नयन किया गया है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 14,693 आबादी वाले इस नगर को अब नगर पालिका परिषद का दर्जा मिलने से शहरी विकास योजनाओं में अधिक प्राथमिकता और अतिरिक्त संसाधन मिल सकेंगे।

सड़क, पेयजल और स्वच्छता जैसी सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में नगर पालिका बनने के बाद डोंगरगांव में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान, सामुदायिक भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास कार्यों में तेजी आएगी। इसके साथ ही राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी नगरवासियों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।

‘विकास की नई शुरुआत साबित होगा यह फैसला’

अरुण साव ने कहा कि नगर पालिका परिषद का दर्जा मिलने से डोंगरगांव के विकास को नई दिशा मिलेगी और नागरिक सुविधाओं का दायरा लगातार बढ़ेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह निर्णय नगर के उज्ज्वल भविष्य और समग्र विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार

नगर पालिका परिषद का दर्जा मिलने के बाद डोंगरगांव के जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने नवा रायपुर स्थित शासकीय निवास कार्यालय पहुंचकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात की और उनका आभार व्यक्त किया।

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी, जिला भाजपा महामंत्री डीकेश साहू, मंडल अध्यक्ष दिना पटेल, रामकुमार गुप्ता, पार्षद मनबोधी पटेल सहित कई पार्षद और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *