छात्रा से दुष्कर्म मामले पर उबाल, कलेक्टोरेट घेराव कर दोषी शिक्षक के लिए फांसी की मांग

 बिलासपुर : सेंट जेवियर स्कूल की 15 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म के मामले ने अब बड़ा सामाजिक और जनआंदोलन का रूप लेना शुरू कर दिया है। मंगलवार को सर्वसेन समाज छत्तीसगढ़ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करते हुए फांसी की सजा देने की मांग उठाई। फिलहाल आरोपी न्यायिक हिरासत में है।

राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम सौंपा गया ज्ञापन

प्रदर्शन के दौरान सर्वसेन समाज के प्रतिनिधियों ने बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल को राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने, आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा घटना की जानकारी होने के बावजूद चुप्पी साधने वाले अन्य शिक्षकों की भूमिका की भी जांच कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।

स्टाफ पर भी उठे गंभीर सवाल

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्कूल का एक शिक्षक लंबे समय तक नाबालिग छात्रा का कथित रूप से शोषण करता रहा। उनका कहना है कि विद्यालय के कुछ अन्य कर्मचारियों और शिक्षकों को भी इस मामले की जानकारी थी, लेकिन समय रहते किसी ने प्रभावी कदम नहीं उठाया। इसी वजह से समाज में भारी नाराजगी और आक्रोश देखने को मिल रहा है।

स्कूल का संचालन बंद करने की भी उठी मांग

सर्वसेन समाज ने केवल आरोपी पर कार्रवाई की मांग ही नहीं की, बल्कि सेंट जेवियर स्कूल के संचालन पर भी सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि किसी शिक्षण संस्थान में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है तो ऐसे संस्थान के संचालन की भी गंभीर समीक्षा की जानी चाहिए। उनका कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।

10 दिन का अल्टीमेटम, फिर होगा प्रदेशव्यापी आंदोलन

संगठन ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अगले 10 दिनों के भीतर मामले में निष्पक्ष जांच पूरी कर दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो पूरे छत्तीसगढ़ में व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। कलेक्टोरेट घेराव में जिले और संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए। कई सामाजिक संगठनों और विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने भी प्रदर्शन में भाग लेकर पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग का समर्थन किया।

प्रशासन ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया भरोसा

प्रशासन की ओर से कहा गया है कि पूरे मामले की जांच निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *