बिलासपुर में बड़ा प्रशासनिक एक्शन: गंभीर मामले की जांच में लापरवाही पर थाना प्रभारी और एसआई लाइन अटैच, जांच रिपोर्ट तलब

 बिलासपुर:  दो मासूम बच्चियों से जुड़े गंभीर आपराधिक मामले की जांच में कथित लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सिरगिट्टी थाना प्रभारी अभय सिंह बैस और विवेचना अधिकारी एसआई संतोषी अग्रवाल को लाइन अटैच कर दिया गया है। यह कार्रवाई उच्च स्तर पर शिकायत पहुंचने के बाद की गई है।

एसएसपी ने जारी किए आदेश, तत्काल प्रभाव से लागू हुआ निर्णय

एसएसपी रजनेश सिंह द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू होगी। साथ ही जिला विशेष शाखा में पदस्थ निरीक्षक वायपी सिंह को सिरगिट्टी थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि पचपेड़ी थाने का प्रभार निरीक्षक कमला पुसाम को दिया गया है।

सात दिन में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन सीएसपी को सात दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि जांच प्रक्रिया में कई स्तर पर गंभीर खामियां पाई गई हैं।

जांच में गंभीर लापरवाही के आरोप

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि थाना प्रभारी ने घटनास्थल का निरीक्षण नहीं किया और साक्ष्य संकलन में अपेक्षित गंभीरता नहीं बरती गई। इसके अलावा गंभीर अपराधों के मामलों में अनिवार्य रूप से बुलाए जाने वाली ‘सीन ऑफ क्राइम यूनिट’ को भी मौके पर नहीं बुलाया गया, जिसे बड़ी प्रक्रिया संबंधी चूक माना गया है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग पर आरोप है कि उसने चॉकलेट देने के बहाने 7 वर्षीय दो बच्चियों के साथ गंभीर अपराध किया। आरोप है कि इस दौरान बच्चों के साथ मारपीट भी की गई और उन्हें रस्सी से बांधा गया। घटना के बाद आरोपी के फरार होने की भी बात सामने आई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *