बिलासपुर में ठगी का नया तरीका…पूजा-झाड़फूंक के नाम पर व्यापारी से 3 लाख की ठगी, बाजार में मचा हड़कंप

 बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बदमाशों ने अंधविश्वास और पूजा-पाठ का सहारा लेकर एक व्यापारी को निशाना बना लिया। व्यापार विहार इलाके में खरीदारी करने पहुंचे एक व्यापारी से झाड़फूंक के बहाने बातचीत कर बदमाशों ने उसके बैग से तीन लाख रुपये पार कर दिए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

खरीदारी के दौरान रची गई ठगी की साजिश

जानकारी के अनुसार, नवागढ़ निवासी व्यापारी जनकराम साहू अपने बेटे उमेश साहू के साथ व्यापार विहार में लहसुन और मिर्च की खरीदारी करने पहुंचे थे। दोनों अलग-अलग जगहों पर खरीदारी कर रहे थे, तभी यह घटना घटी।इसी दौरान दो अज्ञात युवक व्यापारी के पास पहुंचे और बातचीत शुरू कर दी। धीरे-धीरे उन्होंने झाड़फूंक और पूजा-पाठ के जरिए परेशानी दूर करने का झांसा दिया और उसे अपने जाल में फंसा लिया।

झांसे में लेकर पार किया तीन लाख रुपये से भरा बैग

बदमाशों ने बातों में उलझाकर व्यापारी का ध्यान भटका दिया और इसी बीच उसके बैग में रखे तीन लाख रुपये लेकर फरार हो गए। जब व्यापारी को ठगी का एहसास हुआ, तब तक आरोपी मौके से गायब हो चुके थे।

इलाके में मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद व्यापारी ने आसपास के लोगों की मदद से बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की शिकायत तारबाहर पुलिस थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

अंधविश्वास के नाम पर बढ़ रही ठगी की घटनाएं

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि कैसे बदमाश लोग अंधविश्वास और धार्मिक विश्वास का फायदा उठाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

व्यापारियों से सतर्क रहने की अपील

पुलिस ने व्यापारियों और आम लोगों से अपील की है कि वे अनजान लोगों से बातचीत के दौरान सतर्क रहें और किसी भी तरह के झांसे या अंधविश्वास से जुड़ी बातों पर भरोसा न करें। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *