CCPL 2026: छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL 2026) में मंगलवार का दिन क्रिकेट प्रेमियों के लिए जबरदस्त रोमांच लेकर आया। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए मुकाबलों में जहां रायगढ़ लायंस ने बारिश से प्रभावित मैच में रायपुर राइनोज को दो विकेट से हराकर सनसनी फैला दी, वहीं बस्तर बायसंस ने राजनांदगांव पैंथर्स को 24 रन से शिकस्त देकर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत की।
बारिश ने बदला समीकरण, संगीत सोनी और दीपक ने दिलाई यादगार जीत
दिन के दूसरे मुकाबले में रायगढ़ लायंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो बाद में टीम के लिए फायदेमंद साबित हुआ। रायपुर राइनोज ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 180 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।राइनोज की ओर से कप्तान अमनदीप खरे ने 60 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अमित कुमार यादव ने 50 और हर्ष शर्मा ने 31 रन जोड़कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। रायगढ़ के लिए प्रवीण कुमार यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने तीन विकेट अपने नाम किए।
10 ओवर में मिला 114 रन का लक्ष्य, फिर दिखा असली रोमांच
बारिश के कारण मैच प्रभावित हुआ और डकवर्थ लुईस नियम के तहत रायगढ़ लायंस को 10 ओवर में 114 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की, लेकिन लगातार विकेट गिरने से मुकाबला आखिरी ओवर तक पहुंच गया।इस दबाव भरे मुकाबले में संगीत सोनी ने 51 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर जीत की नींव रखी। वहीं दीपक ने सिर्फ 17 गेंदों में 37 रन बनाकर मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने विजयी छक्का लगाकर टीम को 9.4 ओवर में 119 रन तक पहुंचाया। संगीत सोनी को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
राहुल प्रधान की धमाकेदार फिफ्टी से चमकी बस्तर बायसंस
दिन के पहले मुकाबले में बस्तर बायसंस ने राजनांदगांव पैंथर्स के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करते हुए 24 रन की जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए बस्तर की टीम ने 9 विकेट खोकर 185 रन बनाए।राहुल प्रधान ने 73 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनके अलावा ऋषी शर्मा और शशांक चंद्राकर ने 25-25 रन का योगदान दिया। पैंथर्स की ओर से सुमित रुईकर ने तीन विकेट हासिल किए, जबकि सत्यम दुबे और भावेश साहू को दो-दो सफलताएं मिलीं।
कप्तान अजय मंडल की जुझारू पारी भी नहीं बचा सकी टीम
186 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजनांदगांव पैंथर्स की टीम निर्धारित लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और 19.1 ओवर में 161 रन पर सिमट गई।कप्तान अजय मंडल ने संघर्षपूर्ण 60 रन बनाए, जबकि आशीष डहरिया ने 42 रन की उपयोगी पारी खेली। हालांकि बाकी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके। बस्तर की ओर से अब्दुल अनस खान ने तीन विकेट झटके, जबकि उत्कर्ष तिवारी ने दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
CCPL में बढ़ रहा रोमांच, हर मुकाबला बन रहा यादगार
CCPL 2026 में लगातार रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। युवा खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और आखिरी ओवर तक पहुंच रहे मुकाबलों ने टूर्नामेंट को और दिलचस्प बना दिया है। आने वाले मैचों में भी टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलने की उम्मीद है।



















