भाजपा का ‘घर-घर चलो’ अभियान शुरू: 12 साल की मोदी सरकार के जश्न के साथ जनसंपर्क का बड़ा प्लान

 रायपुर : केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा संगठनात्मक अभियान शुरू कर दिया है। सोमवार से प्रदेशभर में ‘घर-घर चलो अभियान’ की शुरुआत की गई, जिसके तहत पार्टी नेताओं को जनता तक सीधे पहुंचने का लक्ष्य दिया गया है।

प्रदेश नेतृत्व ने तय किया बड़ा जनसंपर्क लक्ष्य

प्रदेश संगठन की वर्चुअल बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेशाध्यक्ष किरण देव और संगठन महामंत्री पवन साय ने सांसदों और विधायकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे तय लक्ष्य के अनुसार जनता से लगातार संवाद करें।इस अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों को बड़े पैमाने पर लोगों से सीधे जुड़ने की रणनीति पर काम करने को कहा गया है।

हर घर तक पहुंचेगा भाजपा का संदेश

पार्टी की योजना के अनुसार भाजपा नेता घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। साथ ही यह भी समझने का प्रयास करेंगे कि लोगों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं।

यदि किसी को किसी योजना का लाभ नहीं मिला है, तो उसे दिलाने की प्रक्रिया पर भी काम किया जाएगा।

मंदिरों में पूजा के साथ अभियान की शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 10 जून को प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में मंदिरों में पूजा-अर्चना के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं।इन कार्यक्रमों में मंत्री, सांसद, विधायक और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

2028 चुनाव तक की रणनीति भी मानी जा रही पहल

राजनीतिक दृष्टि से इस अभियान को आने वाले चुनावों की तैयारी से भी जोड़कर देखा जा रहा है। भाजपा सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और ग्राउंड लेवल पर फीडबैक लेने पर जोर दिया जा रहा है।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई मंत्री स्वयं अपने विधानसभा क्षेत्रों और अन्य क्षेत्रों में जाकर लोगों से संवाद करेंगे।

किसे कितना जनसंपर्क लक्ष्य मिला

पार्टी संगठन ने अलग-अलग स्तर के नेताओं के लिए लक्ष्य तय किए हैं
मंत्री, विधायक और सांसद को 50 लोगों से मिलना अनिवार्य
राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधियों को 25 लोगों से मुलाकात
जिला पदाधिकारियों को 15 लोगों से संपर्क
मंडल अध्यक्षों को 10 लोगों से संवाद का लक्ष्य दिया गया है

अभियान पूरे प्रदेश में तेज, नेताओं की सक्रियता बढ़ी

प्रदेश के कई हिस्सों में यह अभियान पहले ही शुरू हो चुका है। सोमवार की बैठक के बाद अब सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर जनता से सीधे जुड़ने में जुट गए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *