छत्तीसगढ़ पर नौतपा का असर तेज, कई जिलों का तापमान 45 डिग्री के पार, लू की चेतावनी से बढ़ी चिंता

 छत्तीसगढ़ :  इन दिनों नौतपा का असर तेज दिखाई दे रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राज्य के कई जिलों का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। दिनभर चल रही लू जैसी गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा रही है और सड़कों पर सामान्य गतिविधियां भी प्रभावित हो रही है।

राजनांदगांव सबसे गर्म, रायपुर ने तोड़ा इस सीजन का रिकॉर्ड

मंगलवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं राजधानी रायपुर में इस सीजन पहली बार पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया। माना, मुंगेली, दुर्ग और बिलासपुर जैसे शहरों में भी तेज गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। कई अन्य जिलों का तापमान 44 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया, जिससे पूरा प्रदेश तपिश की चपेट में आ गया।

मौसम के रुख में हल्का बदलाव, लेकिन राहत अभी दूर

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल गर्म और शुष्क हवाओं का असर बना हुआ है। हालांकि बंगाल की खाड़ी से नमी आने की शुरुआत हो रही है, जिससे आने वाले दिनों में मौसम बदलने के संकेत मिल रहे है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले तीन दिनों के बाद तापमान 2 से 3 डिग्री तक नीचे आ सकता है, लेकिन फिलहाल राहत की उम्मीद कम दिखाई दे रही है।

इन जिलों के लिए हीटवेव अलर्ट, सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, राजनांदगांव और बस्तर सहित कई जिलों के लिए लू का अलर्ट जारी किया है। राजधानी रायपुर का मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *