7 मिनट में 72 लाख की चोरी, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

 भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। अवधपुरी इलाके में बंद पड़े घर का ताला तोड़कर चोर करीब 72 लाख रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि पूरी वारदात महज 7 मिनट के भीतर अंजाम दे दी गई।घटना का पूरा दृश्य घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

परिवार मार्केट गया और पीछे से घर साफ कर गए बदमाश

जानकारी के मुताबिक अवधपुरी स्थित राजौरा फार्मा निवासी नरेंद्र सिंह रविवार रात करीब 8 बजे परिवार के साथ बाजार गए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने घर को निशाना बना लिया।सीसीटीवी फुटेज के अनुसार रात 10 बजकर 58 मिनट पर बदमाश घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और रात 11 बजकर 5 मिनट तक पूरी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

70 लाख के जेवर और 2 लाख कैश लेकर भागे आरोपी

परिवार जब वापस घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और लॉकर खाली था।पीड़ित नरेंद्र सिंह के अनुसार घर से करीब 450 ग्राम पुराने और नए सोने के जेवर चोरी हुए हैं। इसके अलावा लगभग 2 लाख रुपये नकद भी गायब मिले। कुल नुकसान करीब 72 लाख रुपये बताया जा रहा है।

चार बदमाशों ने मिलकर दिया वारदात को अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया है कि चोरी में चार बदमाश शामिल थे। इनमें से दो आरोपी घर के बाहर निगरानी कर रहे थे, ताकि किसी के आने पर तुरंत साथी को सतर्क किया जा सके।वहीं बाकी दो बदमाश घर के अंदर घुसे और तेजी से जेवर व नकदी समेटकर बाहर निकल गए। पूरी घटना बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई।

CCTV फुटेज से पुलिस को मिले अहम सुराग

पुलिस के मुताबिक घटना के बाद आरोपी खजूरी कला बायपास की तरफ भागते दिखाई दिए हैं। आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *