रायपुर: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने वर्ष 2026 के 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस बार दोनों कक्षाओं में सफलता दर में इजाफा देखने को मिला है। खास बात यह रही कि एक बार फिर छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए लड़कों को पीछे छोड़ दिया।
10वीं का रिजल्ट: 77.15% छात्र हुए सफल, बेटियां रहीं आगे
हाईस्कूल परीक्षा 2026 में कुल 3,21,677 छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 3,16,730 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 1,40,402 छात्र और 1,76,328 छात्राएं थीं।
घोषित परिणामों में 3,14,953 छात्रों का रिजल्ट जारी किया गया, जिनमें से 2,43,016 छात्र पास हुए। इस तरह कुल पास प्रतिशत 77.15% रहा।
- छात्राओं का पास प्रतिशत: 81.03%
- छात्रों का पास प्रतिशत: 72.27%
श्रेणीवार प्रदर्शन ने दिखाई मजबूत पकड़
- प्रथम श्रेणी: 1,40,108 छात्र (44.48%)
- द्वितीय श्रेणी: 96,721 छात्र (30.71%)
- तृतीय श्रेणी: 6,187 छात्र (1.96%)
करीब 19,347 छात्र एक या दो विषयों में असफल रहे। वहीं 161 छात्रों के परिणाम रोके गए हैं, जबकि 1,616 के आवेदन निरस्त किए गए हैं।
पिछले साल से बेहतर नतीजे
2025 में 10वीं का पास प्रतिशत 76.53% था, जो इस बार बढ़कर 77.15% हो गया है। यानी इस साल करीब 0.62% का सुधार दर्ज किया गया है।
12वीं का रिजल्ट: 83.04% छात्रों ने पाई सफलता
हायर सेकेंडरी परीक्षा 2026 में कुल 2,46,166 छात्रों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 2,44,453 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। इसमें 1,02,259 छात्र और 1,42,194 छात्राएं थीं।
घोषित परिणामों में 2,43,898 छात्रों का रिजल्ट जारी किया गया, जिनमें से 2,02,549 छात्र सफल रहे। इस प्रकार कुल पास प्रतिशत 83.04% रहा।
- छात्राओं का पास प्रतिशत: 86.04%
- छात्रों का पास प्रतिशत: 78.86%
12वीं में भी शानदार श्रेणीवार प्रदर्शन
- प्रथम श्रेणी: 1,27,334 छात्र (52.2%)
- द्वितीय श्रेणी: 72,402 छात्र (29.68%)
- तृतीय श्रेणी: 2,806 छात्र (1.15%)
- पास श्रेणी: 7 छात्र
करीब 23,866 छात्र एक या दो विषयों में असफल रहे। 63 छात्रों के परिणाम रोके गए हैं, जबकि 492 आवेदन निरस्त किए गए हैं।
हर साल बेहतर हो रहा प्रदर्शन, शिक्षा व्यवस्था का सकारात्मक संकेत
2025 में 12वीं का पास प्रतिशत 81.87% था, जो इस साल बढ़कर 83.04% हो गया है। यानी करीब 1.17% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
छात्राओं की बढ़त बनी ट्रेंड, शिक्षा में बदल रही तस्वीर
इस बार भी दोनों कक्षाओं में छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा, जो प्रदेश में शिक्षा के बदलते सकारात्मक माहौल को दर्शाता है। लगातार बेहतर होते नतीजे यह संकेत दे रहे हैं कि छात्र अब पढ़ाई के प्रति अधिक गंभीर और जागरूक हो रहे हैं।



















