दोस्त दोस्त ना रहा! पार्टी देने से किया इनकार, तो पेट्रोल डालकर लगा दी आग, 1 माह पहले ही खरीदा था फ्लैट

 Delhi Crime: दिल्ली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक युवक ने अपने ही साथी के साथ ऐसा कृत्य किया कि जानकर हैरान हो जाएंगे. युवक अपने दोस्त से पार्टी मांग रहा था, लेकिन उसने पार्टी देने से मना कर दिया. इस दौरान गुस्साए युवक ने अपने साथी के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिसमें वह पूरी तरह से झुलस गया. फिलहाल, युवक का अस्पताल में इलाज जारी है. पुलिस ने भी शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानें क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, युवक ने करीब 1 महीने पहले विजय विहार फेस-2 में एक फ्लैट खरीदा था. फ्लैट में राकेश का परिवार रहने भी लगा. इस दौरान राकेश का एक दोस्त राजा पार्टी मांगने लगा. राकेश ने उसे पार्टी भी दी, लेकिन वह फिर से पार्टी की मांग करने लगा. राकेश ने कहा कि अभी पैसे नहीं है. जब पैसे आ जाएंगे, तो पार्टी जरूर देंगे. एक दिन अचानक राजा ने राकेश से पार्टी देने की जिद करने लगा. राकेश ने जब बाद में पार्टी देने की बात कही, तो राजा भड़क उठा और गाली-गलौज करने लगा.

गंभीर हालत में इलाज जारी

जब राकेश ने विरोध किया, तो वह पेट्रोल से भरी एक बोतल लेकर पहुंचा और राकेश के ऊपर उड़ेल दिया. पेट्रोल डालने के बाद आग लगा दी. हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तब तक राकेश बुरी तरह से जल चुका था. मौका पाकर आरोपी राजा फरार हो गया. राकेश को गंभीर हालत में सफदरगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत काफी गंभीर बताई जा रही है.

परिवार पर रोजी-रोटी का संकट मंडराया

पुलिस के मुताबिक, राकेश अपनी पत्नी और 4 बच्चों के साथ विजय विहार कालोनी में रहता था, जो टेम्पो चलाकर अपने परिवार का गुजर-बसर करता था. राकेश के घायल होने के बाद परिवार पर रोजी-रोटी का भी संकट मंडराने लगा है. फिलहाल, आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *